आतिशी के डॉक्टर्ड वीडियो मामले में दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ FIR, क्या बोली पुलिस
दिल्ली की पूर्व सीएम आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी के एक कथित डॉक्टर्ड वीडियो मामले में दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उनपर इस वीडियो को प्रसारित करने का आरोप है।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी के वीडियो मामले में जालंधर पुलिस ने दिल्ली के भाजपा नेता व दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सोशल मीडिया पोस्ट से लिए गए ऑडियो की फरेंसिक जांच से पता चलता है कि आतिशी ने गुरु शब्द बोला ही नहीं था। वीडियो को तकनीक के द्वारा तोड़-मरोड़ कर अपलोड और प्रसारित किया गया है। कमिश्नरेट पुलिस ने यह एफआईआर इकबाल सिंह नाम के व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को गुरुओं के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियां करते हुए दिखाते हुये भड़काऊ सुर्खियों के साथ एक छोटी वीडियो क्लिप वाली कई पोस्टें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपलोड व प्रसारित की गई हैं। हालांकि पुलिस अभी यह बताने से बच रही है कि एफआईआर किसके खिलाफ दर्ज की है। जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर का कहना है कि एफआईआर दर्ज की गई। अभी जांच कर रहे हैं, नाम अभी नहीं बता सकते।
फॉरैंसिक जांच में पुष्टि
पुलिस ने बताय कि इस वीडियो क्लिप की जांच की गई है और आतिशी की ऑडियो वाली यह वीडियो क्लिप कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डाउनलोड कर फॉरैंसिक जांच हेतु निदेशक फॉरैंसिक साइंस लैबोरेटरी पंजाब, एस.ए.एस. नगर को भेजी गई थी। पुलिस ने दावा किया है कि इस वीडियो की फॉरैंसिक रिपोर्ट 9 जनवरी 2026 के अनुसार यह सामने आया है कि आतिशी ने अपनी ऑडियो में कहीं भी ‘गुरु’ शब्द नहीं बोला, जैसा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो क्लिपों में दिखाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वास्तव में इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके इसे तकनीक के जरिए तोड़-मरोड़ कर अपलोड किया गया है, जिसमें ऐसे कुछ शब्द शामिल किए गए हैं जो आतिशी द्वारा बोले ही नहीं गए।
एफआईआर और पुलिस का डर हमें डरा नहीं सकता: कपिल मिश्रा
पंजाब में एफआईआर दर्ज होने पर कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि केजरीवाल, आपकी एफआईआर और पुलिस का डर हमें डरा नहीं सकता। दिल्ली विधानसभा के रिकॉर्ड में वीडियो है और सारी दुनिया ने वीडियो सुना है, उस दिन से आतिशी ने विधानसभा में आने की हिम्मत नहीं की, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कई बार बुलाया। पंजाब पुलिस प्रदेश के अपराधों की जांच छोड़कर आपके नेता विपक्ष द्वारा हुए अपराध पर पर्दा डालने का काम कर रहीं है। आतिशी ने गुनाह किया, लेकिन उन्हें बचाकर आप उससे भी बड़ा पाप कर रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा में जालंधर पुलिस कमिश्नर के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव पारित
वहीं, दिल्ली विधानसभा में जालंधर के पुलिस कमिश्नर के खिलाफ करवाई करने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। स्पीकर ने कहा कि संबंधित वीडियो दिल्ली विधानसभा की संपत्ति थी और बिना अनुमति इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजना एक साजिश का हिस्सा है। यह गोपनीयता का उल्लंघन है। लिहाजा जालंधर के पुलिस कमिश्नर समेत इस साजिश में जो शामिल हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
(रिपोर्ट: मोनी देवी, लाइव हिन्दुस्तान)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन