अमित शाह ने किया पंजाब चुनाव अभियान का आगाज, अकाली से गठबंधन नहीं, अकेले बनाएंगे सरकार
शाह ने कहा कि 1984 के सिख दंगों के खिलाफ भाजपा सरकार ने 350 केस दर्ज किए और दोषियों को जेल में डाल दिया, जबकि कांग्रेस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि हर सिख दंगा पीड़ित परिवार को 5 लाख का मुआवजा दिया गया।
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को मोगा के किल्ली चहलां गांव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बदलाव रैली से इसका आगाज हुआ। रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि मैं पंजाब के लोगों से अपील करने आया हूं। भाजपा पहले पंजाब में अकालियों के जूनियर पार्टनर के तौर पर सरकार का हिस्सा थी। जब भी हम आपके सामने आए, हम छोटे भाई की भूमिका में आए लेकिन भाजपा अब 2027 में अपनी सरकार बनाने के लिए जी जान लड़ाने जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने कांग्रेस, अकालियों और आम आदमी पार्टी को कई मौके दिए हैं और अब भाजपा को भी मौका देना चाहिए। हम पंजाब में बदलाव लाएंगे। मैं पंजाब की माताओं, बहनों और बुजुर्गों समेत सभी से आशीर्वाद लेने आया हूं। हमें अपना आशीर्वाद दें।
शाह ने अपने भाषण की शुरुआत जो बोले सो निहाल से की और सिर पर पगड़ी को गुरु घर का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह गुरु तेग बहादुर, गुरु नानक देव, गुरु रविदास, वाल्मीकि, शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को नमन करते हैं। अपने भाषण के दौरान अमित शाह ने अकाली दल से गठबंधन की अटकलों को खत्म कर दिया।
नशा और जबरन धर्म परिवर्तन दोनों को खत्म करेंगे
शाह ने कहा कि आज पंजाब कर्ज, नशे की समस्या, धर्म परिवर्तन, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों के आतंक के कारण बर्बाद हो गया है, राज्य के उद्योग कहीं और जा रहे हैं। पंजाब को नशे की समस्या से अगर कोई छुटकारा दिला सकता है तो वह सिर्फ नरेन्द्र मोदी और भाजपा हैं। हमने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म किया। आज नक्सलवाद खत्म होने की कगार पर है। अगर पंजाब को नशीले पदार्थों की समस्या से छुटकारा दिलाना है, तो उसे भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत है। शाह ने ऐलान किया कि सत्ता में आते ही धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिए बिल संसद में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा और जबरन धर्म परिवर्तन दोनों को समाप्त किया जाएगा। भाजपा की सरकार आने पर 2 साल में पंजाब से नशा जड़ से खत्म कर दिया जाएगा।
भगवंत मान सरकार केजरीवाल के लिए एटीएम बन गई
शाह ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के लिए एटीएम बन गई है। आम आदमी पार्टी ने 25 लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन कुछ मिला क्या? 4 महीने में नशा मुक्त पंजाब बनाने, 16 हजार दवा की दुकानें खोलने और 16 मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा किया मिला क्या? सभी फसलों पर एमएसपी देने और सिख दंगों में 5 लाख रुपये मुआवजा देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। शाह ने कहा कि दिल्ली से आए कुछ नेताओं ने राज्य का धन अपने पास कर लिया और पंजाब की सरकार केवल केजरीवाल का एटीएम बन गई है। शाह ने आरोप लगाया कि पंजाब के पैसे से दूसरे राज्यों में हेलीकॉप्टर की सवारी की जा रही है और राज्य भ्रष्टाचार के दलदल में डूब चुका है।
'तब हम होते तो करतारपुर साहिब पंजाब में ही होता'
शाह ने कहा कि 1984 के सिख दंगों के खिलाफ भाजपा सरकार ने 350 केस दर्ज किए और दोषियों को जेल में डाल दिया, जबकि कांग्रेस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि हर सिख दंगा पीड़ित परिवार को 5 लाख का मुआवजा दिया गया। शाह ने करतारपुर साहिब के मामले पर कहा कि अगर हम उस समय होते तो करतारपुर साहिब को पंजाब में ही रखते। गुरु साहिब की श्रद्धा होती तो यह आज भारत में होता। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा करतारपुर कॉरिडोर, सिख पंथ के संरक्षण और साहिबाजादों के बलिदान को पूरे देश में सम्मान देने के प्रयासों की भी तारीफ की।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन