After West Bengal it is now Punjab turn who is the BJP Suvendu Adhikari here पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी, कौन है यहां BJP का शुभेंदु अधिकारी?, Punjab Hindi News - Hindustan
More

पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी, कौन है यहां BJP का शुभेंदु अधिकारी?

पश्चिम बंगाल में मिली शानदार जीत से भाजपा उत्साहित है। अब भगवा पार्टी को पंजाब में भी अपनी जीत नजर आ रही है। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। कांग्रेस से भाजपा में आए बड़े नेता को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी चल रही है।

Fri, 12 June 2026 08:38 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी, कौन है यहां BJP का शुभेंदु अधिकारी?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) किसी भी चुनाव पर मिशन मोड की तरह काम करती है। यही वजह है कि पिछली विधानसभा चुनाव में 72 सीटों पर सिमटने वाली भगवा पार्टी पश्चिम बंगाल में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल रही। अब भाजपा का अगला बड़ा लक्ष्य पंजाब है, जहां उसकी अपनी सरकार कभी नहीं रही है। आपको बता दें कि पंजाब में अगले ही साल विधानसभा चुनाव होने हैं और उसके लिए राजनीतिक बिसात बिछ चुकी है। पार्टी सभी 117 सीटों पर बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ने की तैयारी में है। उसने संकेत दिए हैं वहां पर सत्तारूढ़ दल के खिलाफ जो असंतोष है, उससे चुनाव के पहले कुछ राजनीतिक उलटफेर हो सकते हैं।

पंजाब में हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा भले ही बड़ी जीत हासिल नहीं कर पाई हो, लेकिन इससे उसे अपनी जमीनी तैयारी के लिए काफी बड़ा फीडबैक मिला है। इसके आधार पर वह तैयारी कर रही है। राज्य में अधिकांश मौकों पर शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली भाजपा सामाजिक समीकरणों में राज्य के गैर सिख समुदाय और शहरी क्षेत्रों तक सीमित रही थी, जबकि अकाली दल सिख समुदाय व ग्रामीण क्षेत्रों को वरीयता पर रखता रहा था। ऐसे में भाजपा अब सिख समुदाय में अपनी पैठ बढ़ाने में जुटी है।

कौन हैं पंजाब का शुभेंदु अधिकारी?

भावी रणनीति के तहत ही भाजपा ने हाल में सिख नेता केवल सिंह ढिल्लो को पार्टी अध्यक्ष बनाया है। केंद्र सरकार में मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी राज्य में पूरा समय देने को कहा गया है। भाजपा ने जैसे बंगाल में टीएमसी से आए शुभेंदु अधिकारी पर भरोसा जताया, ठीक वैसे ही पंजाब में कांग्रेस से आए बिट्टू को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। बिट्टू विधानसभा चुनाव भी लड़ेंगे। परंपरागत समर्थक हिंदू समुदाय को साधने के लिए अपने वरिष्ठ नेता तरुण चुघ को मध्य प्रदेश से राज्यसभा में लाया गया है। भाजपा में कांग्रेस से कैप्टन अमरिंदर सिंह सहित कई प्रमुख नेता पहले ही आ चुके थे और हाल में आम आदमी पार्टी से भी राघव चढ्ढा समेत कई नेता जुड़े हैं।

भाजपा पूरी ताकत से लड़ेगी

भाजपा के एक प्रमुख नेता ने कहा है कि राज्य में सरकार विरोधी माहौल चरम पर है। ऐसे में जनता विकल्प की तलाश कर रही है। कांग्रेस व अकाली दल को जनता पहले ही नकार चुकी है। अब आम आदमी पार्टी को भी वह परख चुकी है। ऐसे में जनता के सामने भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। इस नेता ने कहा भाजपा ने जिस तरह से पश्चिम बंगाल में जनता का भरोसा जीता, उसी तरह वह पंजाब भी जीतेगी। वह वहां पर पूरी ताकत से लड़ेगी। पंजाब में 117 विधानसभा सीटें हैं। पिछले चुनाव में वहां पर आम आदमी पार्टी ने 92, कांग्रेस ने 18, शिरोमणि अकाली दल ने तीन, भाजपा ने दो व बसपा ने एक सीट जीती थी। एक सीट निर्दलीय को मिली थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।