पंजाब में 100 और आम आदमी क्लिनिक खुले, केजरीवाल और भगवंत मान ने किया उद्घाटन
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से 100 नए मोहल्ला क्लिनिक शुरू करने जा रहे है। आज पवित्र दिन है। केजरीवाल ने कहा कि पिछले 4 साल में अभी तक 881 मोहल्ला क्लिनिक बनाए गए। आज 109 मोहल्ला क्लिनिक और बन रहे है।

पंजाब में 100 और आम आदमी क्लिनिक खुल गए हैं। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद की नई अनाज मंडी में हुए राज्य स्तरीय समारोह में इनका उद्घाटन किया। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से 100 नए मोहल्ला क्लिनिक शुरू करने जा रहे है। आज पवित्र दिन है। केजरीवाल ने कहा कि पिछले 4 साल में अभी तक 881 मोहल्ला क्लिनिक बनाए गए। आज 109 मोहल्ला क्लिनिक और बन रहे है। फिर 990 मोहल्ला क्लिनिक हो गए। आने वाले समय में 400 मोहल्ला क्लिनिक और बनाएंगे तो लगभग 1500 मोहल्ला क्लिनिक पंजाब में हो जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के हर गांव मोहल्ले में मोहल्ला क्लिनिक मिलेगा। इलाज पूरी तरह से फ्री मिलेगा। पिछले 75 साल में सभी पार्टियों ने राज किया। किसी भी पार्टी ने एक भी ऐसा क्लिनिक नहीं खोला कि लोगों को इतनी सुविधा मिले। हमारी पार्टी ने 4 साल में ही ऐसे क्लिनिक खोल दिये हैं। पंजाब की 3 करोड़ जनता मोहल्ला क्लिनिकों का पूरा लाभ ले भी रही है। मोहल्ला क्लिनिक की निगरानी सीएम आफिस से चल रही है। कभी किसी दवा की कमी नहीं होने दी जा रही।
हमारी सरकार ने पैसा नहीं लोगों का आशीर्वाद कमाया
केजरीवाल ने कहा हमारी सरकार ने पैसा नहीं लोगों का आशीर्वाद कमाया है। कई लोगों ने मेरे और मनीष सिसोदिया पर गंभीर आरोप लगाए कि केजरीवाल पैसा खा गया। केजरीवाल ने भ्रष्टाचार किया, 100 करोड़ खा गया, शराब घोटाला किया। हमें जेल तक हो गई। 6 महीने मैं जेल में रहा। मनीष सिसोदिया डेढ़ साल जेल में रहे। अब कोर्ट से आदेश आया कि केजरीवाल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। कोर्ट ने अपने आर्डर में कहा है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। केजरीवाल ने बेईमानी नहीं की बीजेपी झूठ बोल रही है। लोगों ने मेरे से पूछा भी कि ये तो चमत्कार हो गया। कैसे हो गया ये। मैंने कहा कि भगवान को पता है सब। भगवान सच्चाई का हमेशा साथ देते हैं।
हमें हराने के लिए विरोधी एक हुए: भगवंत मान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि हमारी पार्टी में हमेशा विकास कार्यों की बात चलती है। हमारी पार्टी आम लोगों की पार्टी है। हमारी इस स्टेज पर शूगर घटाने, गुर्दे बदलवाने, बच्चों को पढ़ाने की बातें चलती है। लोगों की बीमारियों का इलाज करवाने की बात होती है। 990 आम आदमी क्लिनिक बनवाने की यहां बात चलती है। किसानों के हकों की बात चलती है। वहीं, दूसरी तरफ सुखबीर बादल व अन्य अपनी कुर्सियां बचाने की बातें कर रहे हैं। भगवंत मान के गले में रस्सा डालने की बातें उनकी रैलियों में चलती है। एक-दूसरे की टांग खींचने की बातें उनकी रैलियों में चलती हैं। मान ने कहा कि यही फर्क है उनक और हमारा। उनके पास कोई एजेंडा या मुद्दा नहीं है। सिर्फ वह हमें गालियां देते हैं। कभी वे सब एक ही गाड़ी में जाते हैं। विरोधी बौखलाए हुए हैं। इन्हें समझ नहीं आ रही कि हम कहें क्या और करें क्या।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन