1/5भारतीय टेस्ट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने बर्मिंघम टेस्ट में गदर काटा। गिल की कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी बेहतरीन रही। उन्होंने मैच में कुल 430 रन बनाकर इंग्लैंड को गहर 'जख्म' दिया। गिल ने इंडिया वर्सेस इंग्लैंड दूसरे टेस्ट की पहली पारी में (269) दोहरा शतक ठोका जबकि दूसरी पारी में (161) सेंचुरी लगाई। 25 वर्षीय गिल को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। वह एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय प्लेयर बन चुके हैं और ओवरऑल लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं।

शुभमन गिल के धमाल पर तेज गेंदबाज आकाशदीप ने 'दहला' मारा। उन्होंने बर्मिंघम टेस्ट में 10 शिकार किए। उन्होंने पहली पारी में चार शिकार किए जबकि दूसरी पारी में सिक्स विकेट हॉल लिया। आकाश ने 21.1 ओवर में 99 रन देकर छह विकेट चटकाए। उन्होंने बेन डेक्ट (25), ओली पोप (24), जो रूट (6), हैरी ब्रूक (23) और जेमी स्मिथ (88) जैसे खिलाड़ियों को पवेलियन भेजकर इंग्लैंड को हार की ओर धकेला। उन्होंने ब्रायडन कार्से (34) को गिल के हाथों कैच लपकवाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। आकाश ने पहली बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए।

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में सात विकेट झटके। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लेकर इंग्लैंड को 407 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। भारत को पहली पारी के आधार पर 180 रनों की दमदार बढ़त मिली थी। वहीं, सिराज ने एजबेस्टन में दूसरी पारी में ओपनर जैक क्रॉली (0) के रूप में एक सफलता हासिल की। सिराज एजबेस्टन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन चुके हैं। उन्होंने यहां दो टेस्ट में 11 विकेट लिए हैं।

स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत ने दूसरी टेस्ट की दूसरी पारी में आक्रामक बल्लेबाजी कर इंग्लैंड के गेंदबाजों के हौसले पस्त किए। पहली पारी में 25 रन बनाने वाले पंत ने अर्धशतक ठोका। उन्होंने 58 गेंदों में 8 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। पंत ने कप्तान गिल के साथ चौथे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। भारत ने दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की थी और इंग्लैंड को 608 रन का अंसभव लक्ष्य दिया।

अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने एजबेस्टन में बल्ले से छाप छोड़ी। उन्होंने पहली पारी में भारत को 587 के स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जडेजा ने सातवें नंबर पर उतरने के बाद 137 गेंदों में 89 रन बनाए थे, जिसमें 10 चौके और एक सिक्स शामिल हैं। उन्होंने दूसरी पारी में 118 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए। उन्होंने पांच चौके और एक छक्का मारा था। उन्होंने गिल के साथ 175 रनों की अहम पार्टनरशिप की थी। जडेडा ने दूसरी पारी में एक विकेट लिया।
