1/8भारतीय T20 क्रिकेट में मौजूदा समय में काफी हलचल चल रही है। वैसे तो भारत और आयरलैंड के बीच T20 सीरीज 26 जून से खेली जाएगी लेकिन इसके लिए टीम का ऐलान 6 जून यानी कल होने वाला है।

खबरें हैं कि सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया है और टीम में भी उनकी जगह को लेकर भी संशय है। टीम इंडिया के अगले कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे, ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं।

इन सब चर्चाओं के बीच आज हम आपको बताते हैं T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप फाइव भारतीय बल्लेबाज कौन-कौन से हैं। इसमें भारत के चार पूर्व कप्तान शामिल हैं जिसमें सूर्यकुमार यादव का नाम भी है।

T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। उन्होंने साल 2007 से लेकर 2024 तक भारत के लिए कुल 159 T20 मैच खेले जिसकी 151 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 32.05 की औसत और 140.89 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 4231 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 121 रन रहा। रोहित शर्मा ने अपने T20 करियर में 32 अर्धशतक और पांच शतक लगाए।

भारत की ओर से T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। किंग कोहली ने भारत के लिए कुल 125 मैच 2010 से 2024 के बीच खेले, जिसकी 117 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट के साथ कल 4188 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 122 रन रहा। उन्होंने अपने करियर में 38 अर्धशतक और एक शतक लगाया।

भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में मौजूदा T20 के भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपने अब तक के 2021 से लेकर 2026 के छोटे से करियर में कुल 113 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसकी 107 पारियों में 36.35 की औसत और 162.5 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 3272 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 25 अर्धशतक और चार शतक लगाए।

हार्दिक पांड्या इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2016 से लेकर 2026 तक के अपने अब तक के 10 साल के T20 करियर में कुल 138 मैच खेले हैं, जिसकी 109 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 28.24 की औसत से 2288 रन बनाए हैं। इस दौरान हार्दिक पांड्या का सर्वोच्च स्कोर 71 रन नाबाद है। हार्दिक पांड्या ने अपने T20 अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 9 अर्धशतक लगाए हैं।

इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर लोकेश राहुल का नाम है, जिन्होंने साल 2016 से लेकर 2022 तक कुल 72 मैच खेले, जिसकी 68 पारियों में 2265 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 37.75 की औसत और 139.12 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 110 रन रहा। केएल राहुल ने 22 अर्धशतक और दो शतक T20 अंतरराष्ट्रीय करियर में लगाए।
