1/5शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है। भारत ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर 336 रनों से विजयी परचम फहराकर इतिहास रचा। शुभमन के दोहरे शतक (269) के बाद सेंचुरी (161) के दम पर भारत ने इंग्लैंड के सामने 608 रनों का असंभव लक्ष्य रखा था। यह भारत की एजबेस्टन में पहली टेस्ट जीत है। वहीं, 25 वर्षीय शुभमन ने भी एक बड़ा कारनामा अंजाम दिया है।

शुभमन गिल विदेशी धरती पर रनों के लिहाज से सबसे बड़ी टेस्ट जीत दर्ज करने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। भारतीय टीम को एजबेस्टन से पहले कभी घर के बाहर 320 प्लस रनों से जीत नसीब हुई थी। बतौर कप्तान शुभमन ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया।

विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 2019 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध टेस्ट में 318 रनों से जीत अपने नाम की थी। यह मैच नॉर्थ साउंड में हुआ था। भारत ने 418 रनों का टारगेट देने के बाद वेस्टइंडीज को 100 पर समेट दिया था। वहीं, कोहली के नेतृत्व में भारत ने 2017 में श्रीलंका को गाले के मैदान पर 304 रनों से रौंदा था। श्रीलंका टीम 550 रनों का पीछा करते हुए 245 पर ढेर हो गई थी।

लिस्ट में तीसरा नाम जसप्रीत बुमराह का है। बुमराह की अगुवाई में टीम इंडिया ने 2024 में पर्थ के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से धूल चटाई थी। भारत ने 534 रनों का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में कंगारू टीम 238 पर सिमटी। बुमराह ने मैच में कुल आठ विकेट चटकाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे।

विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव सूची में चौथे पायदान पर हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 1986 में इंग्लैंड को 279 रनों से मात दी थी। यह टेस्ट मैच लीड्स में खेला गया था। भारतीय टीम ने 407 रनों का लक्ष्य देने के बाद 128 पर इंग्लैंड का बोरिया बिस्तर बांध दिया था।
