1/7चाय की चुस्की से लेकर सब्जियों का जायका बढ़ाने तक, अदरक न केवल बेहतरीन स्वाद देता है, बल्कि आयुर्वेद में इसे 'महाऔषधि' का दर्जा भी प्राप्त है। बावजूद इसके अधिकांश परिवारों में लोग इसके इस्तेमाल का सही तरीका नहीं जानते हैं और इसे यूज करते समय अनजाने में कई छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं। जिससे इसमें मौजूद 'जिंजरॉल' जैसे चमत्कारी तत्व पूरी तरह नष्ट हो जाते हैं। तो अगली बार जब आप अदरक को सिर्फ काटकर पैन में डालें तो सिर्फ फ्लेवर का मजा नहीं बल्कि सेहत से जुड़े फायदे भी लें। फोर्टिस (गुरुग्राम) की डायटीशियन दीप्ति खाटूजा बताती हैं कि अदरक यूज करते समय कौन सी 5 गलतियां करने से बचना चाहिए।

अक्सर लोग सब्जियों या चाय में अदरक को बहुत देर तक उबालते या पकाते हैं। लंबे समय तक पकाने से अदरक में मौजूद सक्रिय तत्व जैसे जिंजरोल (Gingerol) कम हो जाते हैं। इससे इसके औषधीय गुण घट जाते हैं। इसलिए अदरक को हल्का पकाना या अंत में डालना बेहतर होता है।

अदरक स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, लेकिन इसका अत्यधिक सेवन नुकसानदायक हो सकता है। ज्यादा अदरक खाने से एसिडिटी, पेट में जलन या गैस की समस्या हो सकती है। सामान्यतः दिन में 3–4 ग्राम अदरक पर्याप्त माना जाता है।

कई लोग अदरक खरीदकर फ्रिज में कई दिनों तक रख देते हैं। लंबे समय तक रखने से अदरक सूखने लगती है और इसके पोषक तत्व कम हो जाते हैं। ताजा अदरक का उपयोग करने से ही इसके अधिक लाभ मिलते हैं।

कुछ लोग सेहत से जुड़े फायदे लेने के लिए सुबह खाली पेट ज्यादा अदरक या अदरक का रस पीते हैं। इससे कुछ लोगों में पेट में जलन या असहजता हो सकती है। इसे सीमित मात्रा में और भोजन के साथ लेना अधिक सुरक्षित रहता है।

अदरक खून को पतला करने में मदद करता है। जो लोग ब्लड थिनर या कुछ अन्य दवाइयां लेते हैं, उन्हें अदरक का अधिक सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए। यह दवाइयों के प्रभाव को बदल सकता है।

अदरक एक प्राकृतिक और शक्तिशाली औषधीय खाद्य पदार्थ है, लेकिन इसका सही तरीके से उपयोग करना जरूरी है। सीमित मात्रा में, ताजा और सही समय पर अदरक का सेवन करने से ही इसके अधिकतम स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं।
