1/7क्या आप जानते हैं बाथरूम में रखा आपका टूथपेस्ट, दांतों को चमकाने के साथ रसोई से जुड़ी आपकी कई तरह की बड़ी समस्याओं को भी चुटकियों में दूर कर सकता है। दरअसल, किचन को साफ-सुथरा रखने के साथ उसकी चमक बनाए रखने के लिए हम महिलाएं अकसर महंगी क्लीनिंग किट और केमिकल्स पर पैसे खर्च करती रहती हैं, जबकि हमारे बाथरूम में रखा साधारण सा सफेद टूथपेस्ट जिद्दी दागों, बर्तनों के कालेपन और हाथों की तीखी लहसुन की गंध तक को चुटकियों में गायब करने की ताकत रखता है। अपनी इस खबर में आइए जानने की कोशिश करते हैं टूथपेस्ट से जुड़े 7 ऐसे ही गजब के किचन हैक्स के बारे में, जो न सिर्फ आपके काम को आसान बनाएंगे बल्कि आपके पुराने बर्तनों को भी नई जैसी चमक देंगे।

अगर आपके किचन में रखे चांदी के चम्मच या बर्तन काले पड़ गए हैं, तो थोड़ा सा सफेद टूथपेस्ट उन पर लगाकर एक नरम कपड़े या पुराने टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ते हुए पानी से धो लें। बर्तन नए जैसे चमक उठेंगे।

लहसुन-प्याज काटने के बाद अकसर हाथों से तेज तीखी गंध आने लगती है। जो साबुन से हाथ धोने के बाद भी जल्दी दूर नहीं होती है। ऐसे में थोड़ा सा टूथपेस्ट हाथों पर रगड़कर हाथ धो लें। टूथपेस्ट गंध को पूरी तरह खत्म कर देगा।

प्रेशर कुकर या कढ़ाई के नीचे जले हुए काले दाग के निशान टूथपेस्ट के इस्तेमाल से गायब हो सकते हैं। आप बर्तन में 10 मिनट के लिए टूथपेस्ट लगाकर छोड़ दीजिए। उसके बाद एक स्क्रब से रगड़ते हुए बर्तन को साफ करें। यह दागों को ढीला करने में मदद करता है।

स्टील के नलों पर जमने वाले पानी के जिद्दी दाग हटाने के लिए भी टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे नल पर लगाकर कपड़े से पोंछ दें, स्टील का नल चमकने लगेगा।

प्लास्टिक के टिफिन या मसालों के डब्बों में अक्सर पुरानी महक बस जाती है। डब्बे के अंदर थोड़ा सा टूथपेस्ट और पानी डालकर अच्छी तरह हिलाएं और फिर धो दें। डब्बा एकदम फ्रेश महसूस होगा।

हल्दी या चाय-कॉफी के दाग अगर किचन की स्लैब पर पड़ जाएं, तो उन पर टूथपेस्ट लगाकर कुछ देर छोड़ दें। स्क्रब करने पर दाग आसानी से निकल जाएंगे और स्लैब खराब भी नहीं होगी।
