1/8कुछ हल्का-फुल्का, एनर्जी देने वाला और टेस्टी सा खाना है तो साबूदाना खिचड़ी बेस्ट रहती है। आमतौर पर इसे व्रत में बनाया जाता है। अब महाशिवरात्रि का व्रत आने वाला है तो ज्यादातर घरों में साबूदाना खिचड़ी ही बनाई जाएगी। यूं तो साबूदाना खिचड़ी की रेसिपी बिल्कुल सिंपल है। बस जीरा, आलू, मूंगफली और कुछ मसाले डालकर टेस्टी सी खिचड़ी बन जाती है। लेकिन परफेक्ट साबूदाना खिचड़ी बनाना थोड़ा मुश्किल है। परफेक्ट साबूदाना खिचड़ी में एक-एक दाना खिला हुआ रहता है। गृहणियां अक्सर शिकायत करती हैं कि प्रॉपर तरीका फॉलो करने के बाद भी उनकी खिचड़ी चिपचिपी सी बनती है और टेक्सचर की वजह से स्वाद खराब हो जाता है। तो चलिए आज आपके साथ ऐसी 6 टिप्स शेयर करते हैं, जिन्हें फॉलो करेंगी तो हर बार परफेक्ट खिली-खिली साबूदाना खिचड़ी बनकर तैयार होगी।

मार्केट में आमतौर पर दो तरह के साबूदाना मिलते हैं, एक बड़े दाने वाला और एक छोटे दाने वाला। इन दोनों को ही भिगोने का समय अलग-अलग होता है। बड़े साबूदाना को भिगोकर ज्यादा देर रखने की जरूरत पड़ती है। अगर आप खिली-खिली खिचड़ी बनाना चाहती हैं, तो बेहतर रहेगा कि बड़े दाने वाले साबूदाना का इस्तेमाल करें।

साबूदाना को पानी में भिगोकर रखने से पहले अच्छी तरह वॉश करना जरूरी है। इसके लिए साबूदाना को एक बड़ी बाउल में लें और उसमें साफ पानी भरें। अब अपने हाथों से रगड़ते हुए साबूदाना को अच्छी तरह से धो लें। ऐसा करने से साबूदाना साफ भी होगा और इसमें मौजूद एकस्ट्रा स्टार्च भी निकल जाएगा। इससे खिचड़ी चिपचिपी नहीं बनेगी।

बहुत से लोग सिर्फ आधा-एक घंटा ही साबूदाना को भिगोकर रखते हैं और फिर फटाफट से इसकी खिचड़ी बना लेते हैं। ये गलती अवॉइड करें वरना खिचड़ी चिपचिपी बनती है। साबूदाना को अच्छी-खासी देर भिगोकर रखना चाहिए। कम से काम 4-6 घंटे तो हर हाल में इसे भिगोकर ही रखें, फिर इस्तेमाल करें।

साबूदाना भिगोते समय जरूरत से ज्यादा पानी डालने की गलती ना करें। अतिरिक्त पानी की वजह से ही कई बार खिचड़ी काफी चिपचिपी बन जाती है। अगर आप एक कप साबूदाना इस्तेमाल कर रही हैं, तो इसे 3/4 कप पानी में भिगोना काफी रहेगा, इसमें ये अच्छी तरह सोक हो जाएंगे। अगर एक्स्ट्रा पानी बच गया है तो छलनी की मदद से उसे निकाल दें।

साबूदाना में मूंगफली का चूरा मिलाने से नमी एब्जॉर्ब हो जाती है और खिचड़ी एकदम खिली-खिली बनती है। इसके लिए मूंगफली को एक पैन में ड्राई रोस्ट कर लें, फिर इसे मिक्सर में डालकर ग्राइंड करें। भिगोए हुए साबूदाना में मूंगफली का मिक्सचर मिलाएं, साथ ही थोड़ी सी चीनी और नमक एड कर के रख दें। तब तक आप खिचड़ी के लिए जीरा, आलू, अदरक, कड़ी पत्ता और मूंगफली का तड़का बनाकर तैयार कर सकती हैं।

खिचड़ी तले से चिपके ना इसलिए लगातार इसे चलाती रहें। इससे खिचड़ी का हर दाना अलग-अलग हो जाता है और परफेक्ट टेक्सचर आता है। इसके अलावा ध्यान रखें कि साबूदाना तब तक पकाएं, जब तक ये पारदर्शी ना हो जाए, वरना खिचड़ी में कच्चापन रह जाएगा।

खिचड़ी बनने ही वाली हो तो लास्ट में थोड़ा सा नींबू निचोड़कर एड कर दें। इससे ना सिर्फ खिचड़ी का स्वाद बढ़ जाता है, बल्कि ये चिपकती भी नहीं। साबूदाना एकदम खिला-खिला और नॉन स्टिकी बनता है।
