1/8बच्चों को लंच में क्या दें, ये हर मम्मी की सबसे बड़ी टेंशन होती है। एक तो बच्चे हर चीज को देखकर मुंह बनाते हैं। या तो उन्हें कुछ तला-भुना या पैकेट वाला फूड ही पसंद आता है वरना हेल्दी चीज तो वो खाने को तैयार ही नहीं होते। ऐसे में पूरे हफ्ते लंच में क्या बनाएं जो टेस्टी भी हो और बच्चों के लिए हेल्दी भी, आइए आज आपकी इसी टेंशन को दूर किए देते हैं। यहां हम आपके लिए पूरे 7 दिन के लंच आइडियाज ले कर आए हैं, जो आप बच्चे को टिफिन में पैक कर के दे सकती हैं या फिर छुट्टी वाले दिन भी उनके लिए बना सकती हैं। आइए जानते हैं।

मिनी सूजी उत्तपम टेस्टी भी हैं और काफी हेल्दी भी। बनाने के लिए सूजी में थोड़ी सी दही और पानी मिक्स कर के 10 मिनट फूलने के लिए रख दें। इसके बाद इस घोल में पानी डालकर और पतला कर लें, नमक एड करें और चुटकी भर ईनो मिलाएं। अब तवे पर तेल स्प्रेड करें और चम्मच से छोटे-छोटे गोल उत्तपम बना लें। ऊपर से बारीक कटी हुई प्याज, गाजर, शिमला मिर्च एड करें और बेस पकने के बाद चीज भी एड करें।

बच्चों को पराठे काफी पसंद आते हैं। खासतौर से पनीर के पराठे तो टेस्टी भी लगते हैं और हेल्दी भी। बनाने के लिए पनीर को कद्दूकस कर लें, इसमें अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, नमक, प्याज और हरा धनिया मिलाएं। अब गेहूं के आटे में ये फिलिंग भर कर टेस्टी से पराठे बना लें। इसे साथ आप दही, हरी चटनी, रायता, लस्सी या अचार दे सकती हैं।

खूब सारी सब्जियां डालकर बहुत ही हेल्दी और टेस्टी वेज सेवई उपमा बनकर तैयार होता है। इसके लिए जरा से तेल में राई के दाने, हरी मिर्च, प्याज, गाजर, बींस, हरी मटर और कुछ कड़ी पत्ता डालकर भून लें। फिर सब्जियों में टमाटर और नमक एड करें। फिर इसमें भुनी हुई सेवई एड करें, उससे दोगुना पानी मिलाएं और 5-7 मिनट के लिए पका लें। टेस्टी और हेल्दी वेज सेवई उपमा बनकर तैयार है।

चीज सैंडविच बच्चे खूब शौक से खाते हैं और ये हेल्दी भी होता है। बनाने के लिए मल्टीग्रेन या ब्राउन ब्रेड लें, इसपर चीज की स्लाइस रखें, ऊपर से बारीक कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर डालें और ऑरिगेनो, चिली फ्लेक्स स्प्रिंकल कर दें। दूसरी ब्रेड स्लाइस पर टोमैटो केचअप लगाएं और इसके ऊपर रखें। तवे पर थोड़ा सा बटर डालकर इन्हें टोस्ट कर लें। बिल्कुल पिज्जा जैसा स्वाद आता है।

पनीर पुलाव इतने टेस्टी होते हैं कि बच्चे रोज इन्हीं की डिमांड करेगें। बनाने के लिए थोड़े से तेल में जीरा, हरी मिर्च, कटी हुई प्याज, गाजर, हरी मटर डालकर भून लें। फिर पनीर को छोटे टुकड़ों में काटकर एड करें और मटर के कुक हो जाने तक पका लें। फिर ऊपर से उबले हुए चावल एड करें, इसमें नमक, ऑरिगेनो और चिली फ्लेक्स मिलाएं। पांच मिनट में खूब टेस्टी से पनीर पुलाव बनकर रेडी हो जाएंगे।

नॉर्मल पराठे की जगह पराठा पैक ट्राई करें, बच्चे खुश हो जाएंगे। बनाने के लिए थोड़ा सा नमक और घी डालकर आटा गूंथ लें और 15 मिनट के लिए रख दें। एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें, जीरा भून लें। फिर चुटकी भर हल्दी, जरा सा धनिया, बारीक कटी शिमला मिर्च, नमक, अदरक-लहसुन पेस्ट, उबले हुए आलू और मैश पनीर मिलाकर स्टफिंग बना लें। पराठा सेंक लें फिर ये स्टफिंग डालकर पराठा पैक बना लें।

क्रिस्पी इडली बच्चों को खूब पसंद आएंगी। बनाने के लिए सूजी में दो चम्मच बेसन और दही डालकर घोल लें फिर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर गाजर, शिमला मिर्च, हरा धनिया और ग्रेटेड अदरक मिक्स करें। थोड़ा सा नमक, ईनो और पानी मिलाकर इडली का घोल बना लें। इसे इडली पैन में डालकर इडली तैयार कर लें। इन्हें आप फ्राई भी कर सकती हैं।
