7 Delicious Ways to Make Aloo Sabzi That Everyone Will Love पूड़ी के साथ खूब टेस्टी लगती है आलू की सूखी सब्जी, सीख लें 7 तरह की चटपटी रेसिपी
More
Hindi Newsफोटोलाइफस्टाइलपूड़ी के साथ खूब टेस्टी लगती है आलू की सूखी सब्जी, सीख लें 7 तरह की चटपटी रेसिपी

पूड़ी के साथ खूब टेस्टी लगती है आलू की सूखी सब्जी, सीख लें 7 तरह की चटपटी रेसिपी

Aloo Sabzi Recipes: सफर पर जा रहे हों या बच्चों का टिफिन पैक करना हो, आलू की सूखी सब्जी से बेस्ट कुछ नहीं। अब हर बार तो आप सेम सब्जी बनाना नहीं चाहेंगी, तो चलिए आज आलू की सब्जी बनाने की 7 रेसिपी जान लेते हैं।

Anmol ChauhanMon, 2 Feb 2026 02:25 PM
1/8

आलू की सब्जी बनाने के 7 तरीके

आलू की सब्जी बच्चे हों या बड़े, सभी को खूब पसंद आती है। बच्चों का बस चले तो वो आलू के अलावा दूसरी सब्जी को हाथ भी ना लगाएं। खैर, पूड़ी के साथ आलू की सब्जी खाने का तो मजा अलग ही है। सफर पर जा रहे हों या बच्चों का टिफिन पैक करना हो, आलू की सूखी सब्जी से बेस्ट कुछ नहीं। अब हर बार तो आप सेम सब्जी बनाना नहीं चाहेंगी, तो चलिए आज आलू की सब्जी बनाने की 7 रेसिपी जान लेते हैं। इंस्टाग्राम पर नूपुर ने इन्हें शेयर किया है। (Credit: @my_kitchenn_diaries)

2/8

हींग वाले आलू

हींग वाले आलू की सूखी सब्जी हो और साथ में पूड़ी तो बच्चे बड़े शौक से खाते हैं। इन्हें बनाने के लिए सरसों के तेल में जीरा, राई, हींग, हरी मिर्च, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और नमक डालकर मिक्स करें। अब उबले हुए आलू काटकर डालें और 2-3 मिनट के लिए अच्छे से कुक कर लें। ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें।

3/8

अचारी आलू और अजवाइन की पूड़ी

अचारी आलू और साथ में अजवाइन की पूड़ी बहुत ही टेस्टी लगती हैं। इन्हें बनाने के लिए एक पैन में साबुत धनिया, जीरा, राई, काली मिर्च, कलौंजी, सूखी लाल मिर्च, अजवाइन और मेथी दाना डालकर हल्का सा ड्राई रोस्ट कर लें और फिर मिक्सर में ग्राइंड कर लें। सरसों के तेल में उबले हुए छोटे आलू, नमक, हल्दी और लाल मिर्च डालकर तल लें और बाहर निकाल लें। अब उसी तेल में जीरा, हींग, अदरक, हरी मिर्च, प्याज को भुन लें, उसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर मिक्स करें। फिर फ्राई किए हुए आलू, तैयार मसाला, चाट मसाला, नमक, अमचूर पाउडर मिक्स करें और साथ में अचार का मसाला मिलाएं। थोड़ा सा पानी डालकर पका लें, धनिया पत्ता से गार्निश करें।

4/8

चटपटे जीरा आलू

कहीं सफर पर जा रहे हैं तो चटपटे से जीरा आलू और साथ में पूड़ी पैक कर लें। बच्चे-बड़े सभी को पसंद आएंगे। बनाने के लिए सरसों के तेल में जीरा, हींग, अदरक और हरी मिर्च डालकर भून लें। साथ में धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर डालकर मिक्स करें। अब उबले और कटे हुए आलू एड करें, फिर नमक, काला नमक, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालकर मिला लीजिए। ऊपर से कसूरी मेथी और धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें।

5/8

हलवाई स्टाइल आलू गोभी की सब्जी

हलवाई स्टाइल आलू गोभी के साथ पूड़ी बहुत टेस्टी लगती है। इसे बनाने के लिए गोभी को काट लें, फिर नमक, हल्दी और मिर्च डालकर मिक्स कर लें। इन्हें तेल में तल लें और साथ ही आलू के टुकड़ों को भी। अब पैन में तेल गर्म करें, उसमें जीरा, अदरक-लहसुन, हींग, हरी मिर्च, प्याज और घिसे हुए टमाटर का पेस्ट एड करें। ऊपर से नमक, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और जीरा पाउडर डालकर मिक्स करें। एक चम्मच मलाई एड कर के पकाएं, फिर कसूरी मेथी और मटर डालकर पकाएं। फ्राई की हुई गोभी और आलू एड करें। ऊपर से गरम मसाला, अदरक के लच्छे और कटे हुए टमाटर एड करें। फिर 10 मिनट ढककर कुक करें और धनिया पत्ता डालकर सर्व करें।

6/8

ढाबा स्टाइल आलू भुना मसाला

कुछ चटपटा खाने का मन है तो आलू भुना मसाला बनाएं। इसके लिए दही में हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर एड करें। सरसों के तेल में अदरक, जीरा, लहसुन, हरी मिर्च और प्याज डालकर फ्राई करें, फिर दही वाला मिक्सचर एड करें। ऑयल रिलीज होने के बाद टमाटर की प्यूरी और नमक एड करें। गर्म पानी डालकर 10 मिनट कुक करें, फिर इसमें गरम मसाला, कसूरी मेथी, धनिया पत्ता एड करें। भुना मसाला तैयार है। अब एक पैन में तेल गर्म करें, उसमें कटे हुए प्याज, शिमला मिर्च और उबले हुए आलू फ्राई कर लें। ऊपर से तैयार भुना मसाला मिलाएं और चाट मसाला। धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें।

7/8

बिहारी आलू दम

सरसों के तेल में चुटकी भर हल्दी पाउडर और नमक डालकर उबले हुए छोटे आलू को सुनहरा होने तक फ्राई करें। अब सरसों के तेल में जीरा, साबुत लाल मिर्च, लौंग, दालचीनी का टुकड़ा, छोटी और बड़ी इलायची, मेथी दाना और तेज पत्ता तड़का लें। फिर प्याज को भुन लें। एक मिक्सर में अदरक, लहसुन, काली मिर्च और जीरा पीसकर पेस्ट बना लें। इस मसाले को प्याज में एड करें। ऊपर से हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाएं। अच्छे से भुन लें, फिर टमाटर एड करें। ऑयल रिलीज होने पर फ्राई किए हुए आलू मिलाएं, दो मिनट पकाएं, फिर पानी डालकर 10 मिनट और कुक कर लें। धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें।

8/8

पहाड़ी आलू के गुटके

इसके लिए अदरक, धनिया पत्ती, हरी मिर्च, साबुत धनिया, जीरा को अच्छे से कूट लें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला और थोड़ा सा पानी डालकर मिला लें। एक पैन में सरसों के तेल में जीरा, राई, हींग, सूखी लाल मिर्च और कुटा हुआ मसाला फ्राई कर लें। हल्दी, नमक डालकर मिला लें। फिर उबले और कटे हुए आलू डालकर मिक्स कर लें, ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें।