1/9साउथ की आठ फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5, अमेजन प्राइम वीडियो और नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली हैं। आइए आपको इन फिल्मों के बारे में और इसकी रिलीज डेट बताते हैं।

तमिल फिल्म 'मेड इन कोरिया' एक छोटे शहर की लड़की शेनबागम की कहानी है। उसका सपना है कि वह एक दिन साउथ कोरिया जाए और वहां की दुनिया देखे। जब वह सियोल पहुंचती है तो यह सफर सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट साबित होता है। आप इस फिल्म को 12 मार्च से नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

तेलुगू फिल्म 'नवाब कैफे' एक चाय बेचने वाले इंसान की कहानी है, जिसकी जिंदगी तब बदलने लगती है जब वह अपने छोटे से दायरे से बाहर निकलकर बड़े सपने देखने लगता है। नए मौके उसके सामने दरवाजे खोलते हैं, लेकिन उनके साथ खतरे और मुश्किलें भी आती हैं। जैसे-जैसे वह सफलता की तरफ बढ़ता है, उसे बार-बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं जो उसकी ईमानदारी और सिद्धांतों की परीक्षा लेते हैं। आप ये फिल्म 12 मार्च से ईटीवी विन पर देख सकते हैं।

'लोकल टाइम्स' एक तमिल कॉमेडी-ड्रामा है जो एक छोटे से लोकल न्यूजपेपर ऑफिस के बैकग्राउंड में सेट है। कहानी उन पत्रकारों के इर्द-गिर्द घूमती है जो डिजिटल दौर में अपने अखबार की पहचान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बदलती मीडिया इंडस्ट्री, घटती प्रिंट रीडरशिप और लगातार बढ़ते डिजिटल दबाव के बीच यह टीम हर दिन नई चुनौतियों से जूझती है। आप इस फिल्म को 13 मार्च से अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

तमिल सीरीज 'रिजॉर्ट' एक शानदार लग्जरी रिजॉर्ट के भीतर की दुनिया को दिखाती है, जहां काम करने वाले कर्मचारियों की अपनी अलग कहानियां हैं। कहानी वेट्री नाम के एक हाउसकीपिंग स्टाफ मेंबर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पढ़ा-लिखा नहीं है लेकिन एक दिन बड़ा शेफ बनने का सपना देखता है। रिजॉर्ट की सख्त हायरार्की, अमीर मेहमानों की डिमांड और किचन की राजनीति के बीच वेट्री को अपने सपनों तक पहुंचने के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। आप इस सीरीज को 13 मार्च से जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं।

तमिल रोमांटिक ड्रामा 'पूकी' की आईएमडीबी रेटिंग 7.3 है। इसमें कैलाश और आजी की कहानी दिखाई गई है जो पिछले छह साल से एक-दूसरे से प्यार करते हैं। लेकिन एक रात हुई तीखी बहस उनके रिश्ते की नींव हिला देती है। गुस्से में कहा गया चलो ब्रेकअप करते हैं वाला एक वाक्य उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ बन जाता है। आप इस फिल्म को 13 मार्च से जी5 पर देख सकते हैं।

कन्नड़ फिल्म 'लैंडलॉर्ड' 1980 के दशक के एक गांव की कहानी है, जहां एक ताकतवर जमींदार का दबदबा है। उसकी ज्यादतियों से परेशान गांव के लोग चुपचाप सब सहते रहते हैं, लेकिन हालात तब बदलते हैं जब एक आम आदमी उससे टकराता है। आप इस मूवी को 13 मार्च से जी5 पर देख सकते हैं।

तेलुगू फिल्म 'फंकी' 13 मार्च को नेटफ्लिक्स पर आएगी। इसमें फिल्ममेकिंग की दुनिया के भीतर की उलझनों और सपनों की कहानी दिखाई गई है। कोमल नाम का एक युवा फिल्ममेकर अपनी पहली फिल्म बनाने का सपना देखता है, लेकिन शूटिंग शुरू होते ही बजट कंट्रोल से बाहर होने लगता है। इस वजह से प्रोड्यूसर पर भारी दबाव आ जाता है और आखिरकार कोमल को डायरेक्टर की कुर्सी छोड़नी पड़ती है। प्रोजेक्ट को पूरा करने की जिम्मेदारी चित्रा संभालती है और दोनों मिलकर सीमित संसाधनों में फिल्म खत्म करने की कोशिश करते हैं।

तेलुगू फिल्म 'भरथा महासयुलाकु विग्न्याप्ति' एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। आप ये फिल्म 13 मार्च से जी5 पर देख सकते हैं। इसमें अंगूर के बाग के मालिक राम सत्यनारायण की कहानी दिखाई गई है, जो अपने नए वाइन प्रोडक्ट की मार्केटिंग के लिए स्पेन जाता है। वहां उसकी मुलाकात मानसा शेट्टी से होती है, जो उससे प्यार करने लगती है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब पता चलता है कि राम पहले से ही बालमणि से शादीशुदा है।
