1/8कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके जंतर मंतर पर बड़ा प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जिनमें ज्यादातर छात्र हैं। प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अमेरिका से लौटे अभिजीत दीपके को सुबह 10 बजे से शाम बजे तक प्रदर्शन की इजाजत दी गई है।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे दीपके ने साफ कहा है कि शाम पांच बजे तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। ऐसा नहीं हुआ तो पीछे नहीं हटेंगे। अगले शनिवार फिर जुटेंगे। अपने शहरों में आवाज उठाएंगे।

जंतर-मंतर और दिल्ली के अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नई दिल्ली जिले और अन्य क्षेत्रों में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और बॉर्डर एंट्री पॉइंट पर भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

प्रदर्शन में शामिल हुए लोग कॉकरोच के मुखौटे पहने नजर आए और उनके हाथों में फूल थे। स्कूली छात्र भी अपने माता-पिता के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे हैं।

इस दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, लोग कहते हैं आंदोलन, धरना प्रदर्शन और जुलूस निकालने से क्या होता है ? इससे यह सिद्ध होता है कि हम जिंदा हैं। सरकार के लिए हम हो सकते हैं कीड़े मकौड़े, लेकिन हम जीवित है और अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए सक्षम है।

जंतर-मंतर पर स्थिति लगातार बदल रही है। दोपहर होते-होते जंतर-मंतर पर युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। बढ़ती भीड़ और नारेबाजी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और कड़ी कर दी है।

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचे। वांगचुक ने प्रदर्शन की इजाजत देने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया और कहा कि मैं सद्भावना का पैगाम लेकर आया हूं।

प्रदर्शन के दौरान 6 लोगों हिरासत में लिए जाने की खबर भी सामने आ रही है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लेने की यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन की गई, क्योंकि ऑनलाइन आंदोलन के समर्थन और विरोध में जुटे लोगों के बीच तनाव की आशंका की सूचना मिली थी।
