‘छुप-छुप के देखना, रात में वीडियो कॉल और…’; नोएडा में महिला अधिकारियों ने IAS अफसर पर लगाए आरोप
उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के नोएडा ऑफिस में अपर आयुक्त के पद पर तैनात एक आईएएस अफसर संदीप भागिया के खिलाफ विभाग की महिला अधिकारियों ने शोषण, उत्पीड़न और गलत व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के नोएडा ऑफिस में अपर आयुक्त के पद पर तैनात एक आईएएस अफसर संदीप भागिया के खिलाफ विभाग की महिला अधिकारियों ने शोषण, उत्पीड़न और गलत व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला अधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की गई इस शिकायत ने राज्य कर विभाग में खलबली मचा दी है। पीड़ित महिला अधिकारियों ने सीएम योगी से आरोपी आईएएस अफसर के खिलाफ जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिलाओं की ओर से सीएम योगी आदित्यनाथ की लिखी गई चिट्ठी में कहा गया है ''हम सभी महिला अधिकारी नोएडा जोन में सचल दल एवं सेक्टर में कार्यरत हैं। पिछले करीब 4 माह से जब से संदीप भागिया नोएडा जोन में अपर आयुक्त बने हैं इनके द्वारा शोषण एवं अमानवीय व्यवहार के साथ-साथ हमारे साथ गुलामों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।''

चिट्ठी में आगे कहा गया है, ''संदीप भागिया महिला अधिकारियों के साथ गलत भाषा और अपशब्दों का प्रयोग करते हैं, ये महिला अधिकारियों को 'पेल दूंगा' 'बर्बाद कर दूंगा' जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। ये कहते हैं कि यदि मेरी बात नहीं मानोगे तो तुम्हारी नौकरी खा जाऊंगा और तुम्हारे हाथ में कटौरा देकर नौकरी से निकलवा दूंगा।''
इतना नहीं, चिट्ठी में यह भी लिखा है, ''वह महिला अधिकारी को घंटों तक अपने ऑफिस में बैठाकर / खड़ा करके घूर रहते हैं तथा लगातार धमकी भरे शब्दों को प्रयोग करते हैं। ये रात-रात भर महिला अधिकरियों को फोन करते हैं, वीडियो कॉल करते हैं। ये महिला अधिकारी को छुप-छुप कर घंटों तक घूरते रहते हैं। उनका वीडियो बनाते हैं। यदि किसी अधिकारी द्वारा इनके इस कृत्य का विरोध किया जाता है तो उसे मामले में फंसाकर सस्पेंड करवा देते हैं। उस पर सूचना लीक / काम में लापरवाही का आरोप लगाकर फंसाते हैं। इनके द्वारा महिला अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है।''
महिला अधिकारी ने लिखा, एक ओर जहां प्रधानमंत्री जी 'बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ अभियान' द्वारा महिला सशक्तिकरण का प्रयास कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर संदीप भागिया जैसे अधिकारी महिलाओं का शोषण करके हमारे मनोबल और अस्मिता को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं।
अपने पत्र में इन महिला अधिकारियों ने सीएम योगी से आईएएस अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की सच्चाई का पता लगाने के लिए किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी, राज्य महिला आयोग से गोपनीय रूप जांच करवाने की अपील की है।




साइन इन