Why Hindu Raksha Dal Distributes swords to people in ghaziabad अब अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद; गाजियाबाद में बांटी गई तलवारें, 4 लोग हिरासत में, Ncr Hindi News - Hindustan
More

अब अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद; गाजियाबाद में बांटी गई तलवारें, 4 लोग हिरासत में

गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल ने अपने दफ्तर में लोगों को तलवारें बांटी हैं। संगठन का कहना है कि अब हिंदुओं को अपनी सुरक्षा के लिए खुद जिम्मेदार होना चाहिए और इसी मकसद से उन्होंने यह कार्यक्रम आयोजित किया।

Mon, 29 Dec 2025 06:08 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
अब अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद; गाजियाबाद में बांटी गई तलवारें, 4 लोग हिरासत में

गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल ने अपने दफ्तर में लोगों को तलवारें बांटी। इसके पीछे उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमलों का हवाला दिया है। संगठन का कहना है कि अब हिंदुओं को अपनी सुरक्षा के लिए खुद जिम्मेदार होना चाहिए और इसी मकसद से उन्होंने यह कार्यक्रम आयोजित किया।

शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में सोमवार को हिन्दू रक्षा दल ने लोगों को तलवार बांटने का प्रयास किया। दल ने शालीमार गार्डन स्थित संस्था के कार्यालय पर ही तलवार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भारी मात्रा में तलवारों के साथ चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस दौरान हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष मौके से फरार हो गए।

रविवार को बांटी 250 तलवारें

हिन्दू रक्षा दल के सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश में हुई दीपू दास की हत्या के बाद दल ने लोगों को तलवारें वितरित करने की योजना बनाई थी। योजना के तहत रविवार को दिल्ली नंद नगरी स्थित कार्यालय पर लगभग 250 लोगों को तलवार वितरित की गईं। इसके बाद सोमवार को शालीमार गार्डन स्थित कार्यालय पर तलवार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का भी इस संबंध में वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह तलवार और फरसा बांटने की बात कह रहे हैं। सूचना मिलने पर एसीपी शालीमार गार्डन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर पिंकी चौधरी और अन्य लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है और भारी मात्रा में तलवारें बरामद की हैं। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और संस्था के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

इससे पहले धार्मिक नगरी काशी में रविवार को गुरुधाम चौराहे पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बांग्लादेशी सरकार का विरोध करने पहुंचे।

हिन्दूवादी संगठनो ने बांग्लादेश का पुतला दहन करते हुए केंद्र सरकार से हिन्दुओं की सुरक्षा के लिये तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। बजरंग दल काशी के महामंत्री श्रवण कुमार मौर्य ने बताया कि पूरी दुनिया बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही क्रूरता को देख रही है। बांग्लादेश में कोई भी हिंदू सुरक्षित नहीं है। हिंदुओं को जिंदा जलाकर मारा जा रहा है और वहां की सरकार खामोश बैठी है। राजनीतिक मकसद साधने के लिए हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है।

बांग्लादेश में सरकार का तख्ता पलट होने के बाद हिंदू पूरी तरह असुरक्षित हो गए हैं। हिंदू अल्पसंख्यक, मंदिर और धार्मिक स्थल कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंकते हुए कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दिल्ली की सरकार बांग्लादेश के मुद्दे पर कोई कड़ा रुख दुनिया के सामने रखे।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।