दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कब खुलेगा, देरी की क्या वजह? नितिन गडकरी ने सब बताया
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में बताया है कि इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जानिए कब तक खुल जाएगा एक्सप्रेसवे।

दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में बताया है कि इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे जनवरी 2026 तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
इस परियोजना की कुल लागत करीब 11,868 करोड़ रुपये बताई गई है और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली और उत्तराखंड के बीच सफर न सिर्फ आसान होगा, बल्कि यात्रा समय भी काफी कम हो जाएगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का रूट
दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे की शुरुआत दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास से होगी। इसके बाद यह उत्तर प्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरेगा, जिनमें: बागपत, बरौत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर शामिल हैं। अंत में यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में समाप्त होगा। यह एक 210 किलोमीटर लंबा, 6 लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे है।
निर्माण की स्थिति और देरी की वजह
पहले इस परियोजना को अक्टूबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन अब निर्माण कार्य की समय-सीमा बढ़ाकर जनवरी 2026 कर दी गई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नितिन गडकरी ने बताया कि एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अक्षरधाम से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) तक के 70 मीटर सर्विस रोड वाले हिस्से में कानूनी अड़चन (लिटिगेशन) के कारण देरी हुई है।
6.5 घंटे का रास्ता 2.5 घंटे में होगा पूरा
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा तय की गई है। इसके चालू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर, जो अभी लगभग 6.5 घंटे का है, घटकर सिर्फ 2.5 घंटे का रह जाएगा। इससे कई तरह से फायदा मिलेगा।
जानिए क्या-क्या फायदा होंगे?
पहला फायदा तो यह होगा कि तीर्थ और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह एक्सप्रेसवे सिर्फ देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें हरिद्वार के लिए एक स्पर रोड और चारधाम हाईवे से कनेक्टिविटी भी दी गई है। इससे उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों तक पहुंच और आसान हो जाएगी।
दूसरा फायदा, ट्रैफिक जाम से राहत मिलना भी है। इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से दिल्ल-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक दबाव कम होगा। दिल्ली एनसीटी में जाम की समस्या घटेगी।उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। कुल मिलाकर, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को एक नई रफ्तार देने जा रहा है।




साइन इन