हवाला के जरिए दिल्ली से गोवा भेज रहे थे पैसा, 150 करोड़ के फ्रॉड में भी नाम; दीपक सिंगला पर ED का दावा
सूत्रों से पता चला है कि दीपक सिंगला दिल्ली और गोवा के बीच आम आदमी पार्टी के लिए फंड्स की आवाजाही के लिए हवाला ऑपरेशन्स संभाल रहे थे। इसी सिलसिले में दीपक सिंगला और दूसरे हवाला ऑपरेटर्स के दिल्ली और गोवा ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को दिल्ली और गोवा में छापेमारी के बाद कथित धन शोधन मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। सिंगला दिल्ली के विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र से आप के उम्मीदवार थे। ईडी ने 2024 में भी जांच के सिलसिले में उनके घर पर छापा मारा था। सूत्रों से पता चला है कि दीपक सिंगला दिल्ली और गोवा के बीच आम आदमी पार्टी के लिए फंड्स की आवाजाही के लिए हवाला ऑपरेशन्स संभाल रहे थे। इसी सिलसिले में दीपक सिंगला और दूसरे हवाला ऑपरेटर्स के दिल्ली और गोवा ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।
150 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी
ईडी के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, दीपक सिंगला ने अपने चाचा अशोक कुमार मित्तल और भाई रमन सिंगला और हरीश सिंगला के साथ मिलकर ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स से 150 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी की। यह पैसा सिंगापुर में कंट्रोल्ड फर्मों को भेजा गया था। यह भी शक है कि इस तरह के क्राइम से कमाए गए पैसे को हवाला के जरिए भारत वापस लाया जाता है, ताकि दीपक सिंगला के गैर-कानूनी कामों में लगाया जा सके। इसी PMLA फ्रॉड के सिलसिले में, दीपक सिंगला को आज ED ने गिरफ्तार कर लिया है।
केजरीवाल बोले- भाजपा में शामिल नहीं हुए, इसलिए किया गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा- गोवा में आप के सह प्रभारी दीपक सिंगला को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से इनकार किया है। उन्होंने आगे कहा- सिंगला को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया गया, क्योंकि उन्होंने कोई गलत काम किया है। बल्कि, इसलिए गिरफ्तार किया है क्योंकि वह भाजपा के खिलाफ काम कर रहे थे और भाजपा में शामिल होने से मना कर दिया।
सचदेवा ने कहा- आप का नया काला चेहरा सामने आया
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बैंक घोटाले के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक दीपक सिंगला की गिरफ्तार को लेकर 'आप' पर निशाना साधते हुए कहा है- साफ-सुथरी राजनीति करने का दावा करने वाली पार्टी का आज एक नया काला चेहरा सामने आ गया है। सचदेवा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वी दिल्ली से आप के विधायक सिंगला को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बड़े बैंक घोटाले की जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया, जिसके कारण 'आप' का एक नया काला चेहरा सामने आ गया।
खबर अपडेट हो रही है…




साइन इन