वे मेरे बच्चे उठा लेंगे; SC में सुनवाई से पहले ऐसा क्यों बोली उन्नाव रेप पीड़िता, किस बात का डर
सुप्रीम कोर्ट 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित करने के दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर 29 दिसंबर को सुनवाई करेगा।

सुप्रीम कोर्ट 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित करने के दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर 29 दिसंबर को सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत की 29 दिसंबर की सुनवाई सूची के अनुसार, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी।
इस बीच पीड़िता ने सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलने की उम्मीद जताई है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पीड़िता ने कहा, मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है कि वह मुझे न्याय दिलाएगा। मैं हर महिला की आवाज उठा रही हूं। अगर सीबीआई ने यह पहले किया होता, तो मुझे न्याय मिल जाता। कुलदीप सेंगर की जमानत खारिज हो जाती क्योंकि उसने मेरे साथ बलात्कार किया था। मेरे पिता की हत्या कर दी गई। मेरे परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी गई। मेरे परिवार के सदस्यों और गवाहों की सुरक्षा छीन ली गई। मेरे पति को नौकरी से निकाल दिया गया। मेरे बच्चे घर पर असुरक्षित हैं। क्योंकि खतरा बढ़ाकर उन्हें दबाना होगा तो वे मेरे बच्चे उठा लेंगे।
बता दें, दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्नाव बलात्कार मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे सेंगर की उम्रकैद की सजा 23 दिसंबर को निलंबित कर दी थी। कोर्ट ने कहा कि वह पहले ही सात साल, पांच महीने जेल में बिता चुका है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के जंतर मंतर में उन्नाव रेप पीड़िता का प्रदर्शन, लगे BJP जिंदाबाद के नारे, मां बेहोश
सीबीआई ने 26 दिसंबर को शीर्ष अदालत में हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी। हाई कोर्ट ने मामले में सेंगर की दोषसिद्धि और सजा को चुनौती देने वाली उसकी अपील लंबित रहने तक उसकी आजीवन कारावास की सजा निलंबित कर दी। सेंगर ने दिसंबर 2019 के निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी थी। हालांकि, पूर्व विधायक सेंगर जेल में ही रहेगा, क्योंकि वह बलात्कार पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत से जुड़े मामले में 10 साल की सजा काट रहा है।
जंतर मंतर पर प्रदर्शन
इस बीच जंतर-मंतर पर पीड़िता के समर्थन में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। रविवार को भी रेप पीड़िता विरोध प्रदर्शन करने पहुंचीं। इस दौरान उनकी मां भी उनके साथ थीं। विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स भाजपा समर्थन के नारे लगाते हुए वहां पहुंच गया। पीड़िता की मां ने उसका विरोध किया। खबर है कि इसके बाद वह बेहोश हो गई। जानकारी के मुताबिक इसके बाद एक महिला भी वहां पहुंची जो कुलदीप सेंगर का समर्थन कर रही थी। इससे वहां मौजूद लोगों का गुस्सा भड़का और वे शेम ऑन यू के नारे लगाने लगे।




साइन इन