Traffic curbs on Mathura Road, Bhairon Road for delhi film festival from Mar 25 दिल्ली में 25-31 मार्च तक इन सड़कों पर जाने से बचें, नो पार्किंग और डायवर्जन लागू, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में 25-31 मार्च तक इन सड़कों पर जाने से बचें, नो पार्किंग और डायवर्जन लागू

दिल्ली की सड़कों पर 7 दिन तक ट्रैफिक का झटका देखने को मिलेगा। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी करते हुए कई प्रमुख सड़कों पर नो-पार्किंग और डायवर्जन लागू किया है।

Tue, 24 March 2026 07:14 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में 25-31 मार्च तक इन सड़कों पर जाने से बचें, नो पार्किंग और डायवर्जन लागू

राजधानी में 25 मार्च से शुरू होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली-2026 के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत मथुरा रोड और भैरों रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर 25 से 31 मार्च तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। एडवाइजरी के मुताबिक, रोजाना सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक इन सड़कों पर विशेष ट्रैफिक नियम लागू रहेंगे। इस दौरान मथुरा रोड और भैरों रोड पर नो-पार्किंग जोन रहेगा। गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को टो कर जब्त किया जाएगा और चालान भी किया जाएगा।

लोगों के लिए की गई पार्किंग की व्यवस्था

फेस्टिवल का मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम होगा, जबकि शहर के अलग-अलग मल्टीप्लेक्स में भी फिल्म की स्क्रीनिंग होगी। आयोजन करने वालों और आने वाले गेस्ट के लिए विशेष एंट्री और पार्किंग व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए भारत मंडपम में प्रवेश गेट नंबर-4 (भैरों मार्ग) और गेट नंबर-10 (सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास) से दिया जाएगा। पार्किंग के लिए बेसमेंट पार्किंग-1 (भैरों मार्ग से एंट्री) और बेसमेंट पार्किंग-2 (मथुरा रोड से एंट्री) निर्धारित की गई है। इसके अलावा भैरों मंदिर और नेशनल स्टेडियम में भी सतही पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

रिंग रोड और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की दी गई सलाह

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इन दिनों मथुरा रोड और भैरों रोड पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों को रिंग रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, जो लोग एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं, उन्हें यात्रा से पहले पर्याप्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। पुलिस का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराना और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।