क्योंकि वह मुसलमान था; सूर्या की हत्या के बाद असद के एनकाउंटर पर बोले मौलाना साजिद रशीदी
बकरीद वाले दिन सूर्या चौहान की हत्या करने वाले असद को एनकाउंटर में मार गिराया गया। अब अखिल भारतीय इमाम संघ के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी इस पर बड़ा बयान दिया है।

गाजियाबाद में सूर्या चौहान के हत्यारे असद के एनकाउंटर पर अखिल भारतीय इमाम संघ के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि जिस दिन असद का एनकाउंटर का हुआ, उसी कई और लोगों के साथ भी पुलिस की मुठभेड़ हुई। लेकिन क्योंकि असद मुस्लिम था, इसलिए उसे मार दिया गया जबकि बाकी लोग हिन्दू थे तो उन्हें पकड़कर जेल भेज दिया गया। इस दौरान उन्होंने सीएम योगी आदित्यानाथ के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कही गई बात का इरादा भले ही सकारात्मक हो, लेकिन कहावत है कि हर बार दवा कड़वी होती है। यही संदेश इस तरह भी दिया जा सकता था कि हिंदू और मुसलमान दोनों को अपने बच्चों में अच्छे संस्कार डालने चाहिए ताकि वे गलत कामों में न पड़ें या गुमराह करने वाले कदम न उठाएं। हालांकि, राजनीतिक कारणों से ऐसे बयान दिए जाते हैं जिससे हिंदू मतदाताओं को यह लगे कि मुसलमानों को डराया-धमकाया जा रहा है या उन पर अत्याचार किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा, जिस दिन असद को मारा गया, उसी दिन एक एनकाउंटर दिल्ली में भी हुआ था और दूसरा चिराग नाम के लड़के का गाजियाबाद में भी हुआ। साहिबाबाद में भी एक एनकाउंटर हुआ। असद के साथ ये हुआ कि उसका एनकाउंचर कर दिया गया क्योंकि वो मुसलमान था और बाकी हिन्दु थे तो उन्हें पकड़कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा, इस दोहरी मानसिकता पर सवाल उठना लाजमी है। योगी जी पूरे प्रदेश के मुखिया हैं और मुखिया को पक्षपाती बात नहीं करनी चाहिए।
सीएम योगी ने क्या कहा था?
इससे पहले सीएम योगी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि दोस्ती की आड़ में छुरीबाजी नहीं चलेगी। ऐसी घटनाएं कतई स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा था कि अगर कोई अपने बच्चों को सही दिशा नहीं दे पा रहा है तो यह उसकी जिम्मेदारी में बड़ी चूक है।
असद के घर बुल़डोजर ऐक्शन की तैयारी
इस बीच प्रशासन ने असद के घर नोटिस चस्पा किया है। नोटिस में अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई है और ऐसा नहीं करने पर अतिक्रमण हटाओ के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में असद के पिता नवाब समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उपजिलाधिकारी (एसडीएम) द्वारा जारी नोटिस खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार स्थित असद के घर के मुख्य दरवाजे पर चस्पा किया गया।
एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तहसील प्रशासन की टीम ने यह कार्रवाई की। इलाके में लाउडस्पीकर और ढोल बजाकर घोषणा की गई कि जिस जमीन पर घर बना है, उस पर रूप से अवैध कब्जा है।
नोटिस में कब्जाधारकों को 15 दिन के भीतर एसडीएम के समक्ष जवाब दाखिल करने को कहा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। यह कार्रवाई मुख्य आरोपी असद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के एक दिन बाद हुई।
भाषा से इनपुट




साइन इन