Scrap Mafia Ravi Kana revealed names of many politicians and senior officers during police remand Noida Police sent list to commissioner Ravi Kana : स्क्रैप माफिया के कितने मददगार, सबकी लिस्ट तैयार; रवि काना ने रिमांड में उगले कई नेताओं और अफसरों के नाम, Ncr Hindi News - Hindustan
More

Ravi Kana : स्क्रैप माफिया के कितने मददगार, सबकी लिस्ट तैयार; रवि काना ने रिमांड में उगले कई नेताओं और अफसरों के नाम

नोएडा पुलिस ने स्क्रैप माफिया रवि काना से गुरुवार को भी पूछताछ की। इस दौरान उसने उसके मददगार रहे कई सफेदपोशों के नाम उगल दिए हैं। पुलिस ने उससे विदेश में संपत्ति को लेकर पूछताछ की है।

Fri, 3 May 2024 01:41 PMPraveen Sharma ग्रेटर नोएडा। हिन्दुस्तान,
share
Ravi Kana : स्क्रैप माफिया के कितने मददगार, सबकी लिस्ट तैयार; रवि काना ने रिमांड में उगले कई नेताओं और अफसरों के नाम

नोएडा पुलिस की कस्टडी रिमांड पर आए स्क्रैप माफिया रवि काना से गुरुवार को भी पूछताछ की गई। इस दौरान उसने उससे मददगार रहे कई सफेदपोशों के नाम उगल दिए हैं। पुलिस ने उससे विदेश में संपत्ति को लेकर पूछताछ की है। हालांकि, अब तक की पूछताछ में विदेश में संपत्ति की बात सामने नहीं आई है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड काजल झा को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया था। पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर की गैंगस्टर कोर्ट में रवि और काजल की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए अर्जी दाखिल की थी। कोर्ट में मंगलवार को मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए रवि की 5 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की थी।

पुलिस ने रिमांड के दूसरे दिन माफिया से उसकी विदेश में संपत्ति होने के बारे में पूछताछ की। स्क्रैप माफिया रवि की विदेश में संपत्ति होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की पूछताछ में ऐसी कोई बात निकलकर नहीं आई। दरअसल, माफिया के विदेश में पकड़े जाने पर चर्चा चली थी कि उसकी विदेश में भी उसकी संपत्ति है। वह थाईलैंड के बैंकॉक में एक संपत्ति में पार्टनर है। इसको लेकर पुलिस ने माफिया से पूछताछ की है। हालांकि, पुलिस माफिया की 250 करोड़ की संपत्ति का पता लगाकर उसे कुर्क कर चुकी है।

स्क्रैप माफिया रवि काना करीब तीन महीने तक थाईलैंड के बैंकॉक में छिपकर रहा था। थाईलैंड पुलिस द्वारा माफिया को बैंकॉक में पकड़ा गया था। इसके बाद थाईलैंड की पुलिस द्वारा इंटरपोल के जरिये माफिया रवि को भारत डिपोर्ट किया गया था। नॉलेज पार्क थाना पुलिस द्वारा दिल्ली एयरपोर्ट से माफिया को गिरफ्तार किया गया था।

वकील साथ रहा : कोर्ट के आदेश पर पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान माफिया का एक वकील साथ रह रहा है। हालांकि, वकील को माफिया रवि से 50 मीटर की दूरी पर रहने की अनुमति दी गई है, ताकि पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न न हो सके।

संरक्षण देने वालों की सूची कमिश्नर के पास पहुंची

पुलिस की पूछताछ में रवि काना को संरक्षण देने वाले कई सफेदपोश लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने उन लोगों के नामों की लिस्ट तैयार कर पुलिस कमिश्नर के पास भेज दी है। ऐसे में अब इन लोगों के नाम शासन को भेजे जाने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद शासन स्तर से इन पर कार्रवाई हो सकती है। पुलिस की इस चिट्ठी ने संरक्षण देने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुलिस पूछताछ में माफिया ने कई बड़े अफसरों और नेताओं के नाम लिए हैं। इसके अलावा माफिया द्वारा बताए गए काले कारोबार की एक चिट्ठी भी पुलिस ने तैयार की है। इसे पुलिस कमिश्नर के पास भेजा गया है।

पत्नी से मिलने की इच्छा जताई : पुलिस कस्टडी डिमांड पर आए माफिया रवि ने पत्नी से मिलने की इच्छा जाहिर की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को माफिया की शादी की सालगिरह थी। इसके चलते आरोपी रवि ने पुलिस से गुहार लगाई कि एक बार उसकी पत्नी से मिलवा दिया जाए।

पुराने मामले में भी सवाल किए जाएंगे : पिछले चार पांच साल के दौरान स्क्रैप माफिया रवि पर बिसरख, बीटा दो और ईकोटेक वन कोतवाली में अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए हैं। इन मुकदमों में भी जांच अधिकारी द्वारा आरोपी रवि से पूछताछ की जानी है। इसके साथ ही नोएडा में दर्ज गैंगरेप के मुकदमे में भी पूछताछ होगी। पुलिस पूछताछ में मुकदमों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।

काजल झा की रिमांड के लिए अर्जी दायर

रवि काना की पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस ने गुरुवार को काजल झा की रिमांड के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई के लिए शुक्रवार की तिथि निर्धारित की है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस द्वारा स्क्रैप माफिया रवि काना की गर्लफ्रेंड काजल झा को गैंगस्टर ऐक्ट के मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है। काजल झा माफिया के काले कारोबार के फाइनेंस का काम संभालती थी। इसके चलते काले कारोबार का सारा लेखा-जोखा काजल झा के पास है, जिसे बरामद करने के लिए पुलिस ने उसकी रिमांड मांगी है। जिला न्यायालय में आरोपी काजल झा की पुलिस रिमांड पर शुक्रवार को सुनवाई होगी।

पुलिस का भोजन खाने से किया इनकार

स्क्रैप माफिया रवि काना ने पुलिस का भोजन खाने से मना कर दिया है। माफिया को अपनी जान का खतरा बना हुआ है। माफिया ने घर का खाना खाने की इच्छा जाहिर की है, लेकिन पुलिस ने घर का खाना देने से मना कर दिया है। इसके चलते माफिया ने न्यायालय में भी पुलिस की शिकायत की है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।