delhi crime news police busts honey trap racket used masseuse to extort money मसाज के नाम पर वसूली करने वाले हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, ऐसे बनाते थे शिकार, Ncr Hindi News - Hindustan
More

मसाज के नाम पर वसूली करने वाले हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, ऐसे बनाते थे शिकार

शाहदरा के सीमापुरी थाना पुलिस ने मसाज के नाम पर जबरन वसूली करने वाले हनीट्रैप गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक महिला भी शामिल है। जानें कैसे बनाते थे लोगों को शिकार...

Sun, 5 Feb 2023 08:18 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिंदुस्तान, नई दिल्ली
share
मसाज के नाम पर वसूली करने वाले हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, ऐसे बनाते थे शिकार

दिल्ली पुलिस ने रविवार को मसाज के नाम पर जबरन वसूली करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। यह महिला लोगों के सामने खुद को मसाज करने वाली के रूप में पेश करके उन्हें अपने जाल में फंसाती थी। आरोपियों में से दो का काम पीड़ितों को धमकाने का होता था जबकि बाकी पैसे ऐंठने का काम करते थे। नंद किशोर नाम के एक शख्स शिकायत पर पुलिस हरकत में आई। 

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह इंटरनेट पर सर्फिंग कर रहा था जब उसको महिला का नंबर मिला। महिला ने खुद को मालिश करने वाली के रूप में पेश किया। बाद में उससे व्हाट्सएप पर बातें होने लगी। 29 जनवरी को महिला ने उसे सिग्नेचर ब्रिज पर मिलने के लिए बुलाया। महिला ने शिकायतकर्ता को एक अन्य महिला से मिलाया। आरोपी ने महिला को अपनी सहेली बताया। महिला ने शिकायतकर्ता को अपनी सहेली के घर जाने के लिए मना लिया।

जब वे घर पहुंचे और कमरे में थे, तो दरवाजे पर दस्तक हुई। दरवाजे पर चार-पांच लोग खड़े थे। इनमें से कोई खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही, तो कोई मकान मालिक, कोई एनजीओ का सदस्य और पुलिस की वर्दी पहने एक आदमी खुद को दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बता रहा था। आरोपियों ने शख्स से 10 लाख रुपये देने को कहा। पुलिस की वर्दी पहले आरोपियों ने शिकायतकर्ता को नाबालिग लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत फंसाने की धमकी दी।

इस पर शिकायतकर्ता ने इतनी भारीभरकम रकम करने से इनकार कर दिया, तो वर्दी में पुरुषों ने उसे पुलिस मुख्यालय ले जाने की धमकी दी। उन्होंने शिकायतकर्ता की पिटाई करने से पहले उसका फोन भी ले लिया और सारा डेटा डिलीट कर दिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को एक कार में जबरन बिठाया। हालांकि बाद में, शिकायतकर्ता पैसे की व्यवस्था करने के लिए तैयार हो गया। शिकायतकर्ता ने रुपये की व्यवस्था करने के लिए अपना फोन मांगा। इसके बाद आरोपी ने वाहन रोक दिया। 

फोन मिलते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस को फोन किया और कार से उतरकर चिल्लाने लगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जैसे ही कार रुकी शिकायतकर्ता कार से बाहर कूदा और मदद के लिए चिल्लाया। इस पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस की वर्दी पहले आरोपी को पकड़ लिया और असली पुलिस को सूचित कर दिया। इस दौरान पुलिस भी वहां पहुंची और आरोपी को उन्हें सौंप दिया। बाकी आरोपी वहां से भाग गए।

पकड़े गए आरोपियों में सन्नी सुनेजा, मो. शफीक, दीपक और हेमलता शामिल हैं। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, कार, पुलिस की वर्दियां बरामद की गई हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को इस गैंग के अन्य साथियों की तलाश है। आरोपी हेमलता एक ब्यूटी पार्लर चलाती है। उसके खिलाफ पूर्व में लाजपत नगर में केस दर्ज किया गया था। 

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।