Delhi Crime: हनीट्रैप में फंसाकर युवक को किया किडनैप, संयोग से लग गया जाम तो बच गई जान
Delhi Crime News: कालकाजी इलाके में एक युवक को इंस्टाग्राम पर महिला से दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवती ने हनीट्रैप कर युवक के अपहरण की कोशिश की। युवक की कैसे बची जान पढ़ें दिलचस्प कहानी...

कालकाजी इलाके में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर हनीट्रैप कर युवक के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को एक युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कार, पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों की तलाश कर रही है। पेशे से बार टेंडर जावेद परिवार सहित गोविंदपुरी इलाके में रहता है। करीब चार माह पहले इंस्टाग्राम पर उसकी मुलाकात अनुराधा नाम की युवती से हुई थी। दोनों फोन पर बात करने लगे और मामला शादी तक पहुंच गया।
युवती ने मिलने के लिए बुलाया
पीड़ित ने बताया कि युवती ने मिलने के लिए उसे साहिबाबाद बुलाया, लेकिन उसने मना कर दिया। फिर पांच दिसंबर को युवती ने कश्मीरी गेट इलाके में बुलाया पर युवक ने यहां भी आने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने अनुराधा से कालकाजी इलाके में आने के लिए कहा।
पिस्टल के दम पर किया अगवा
जावेद सोमवार को कालकाजी मंदिर के पास पहुंचा तो अनुराधा ने उसे कार के पास बुलाया। युवक ने देखा कि अनुराधा ड्राइविंग सीट पर बैठी है। उसने जावेद को कार के अंदर बैठने के लिए कहा। अभी वे कार में बात कर रहे थे, तभी तीन युवक कार के पास आए और पता पूछने लगे। इस बीच एक युवक ने पिस्टल निकालकर कार में बैठने के लिए कहा। अनुराधा दो अन्य युवकों के साथ पिछली सीट पर बैठ गई, जबकि एक युवक कार चलाने लगा।
जाम लगा तो बचा युवक
अभी जावेद को लेकर कार न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित सीएनजी पंप के पास पहुंची। तभी सामने से एक ऑटो आ गया और जाम लग गया। मौके पर फायदा उठाकर जावेद शोर मचाने लगा तो कार में बैठे दो युवक भाग गए, लेकिन भीड़ ने अनुराधा और कार चालक इकराम को दबोच लिया। इसके बाद कालकाजी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पांच माह से रच रहे थे साजिश
पुलिस ने इकराम और अनुराधा उर्फ प्रीति से पूछताछ की। जांच में मालूम हुआ कि पांच माह से जावेद के अपहरण साजिश रची जा रही थी। दरअसल, साहिबाबाद में जावेद के सगे ताऊ का बेटा दानिश रहता है। उसने ही साजिश रची। दानिश ने इकरार, जफर, साहिल, शाहबाज, दानिश और अनुराधा को योजना में शामिल किया। उन्हें बताया कि जावेद के अपहरण से 30 से 35 लाख रुपये मिल सकते हैं। उसने ही अनुराधा को जावेद की इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी बताई थी, ताकि वह हनीट्रैप कर सके। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
मेरठ से पिस्टल खरीदी, इंजीनियर की कार लूटी
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। यह कार 11 नवंबर को गौतम बुद्ध नगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र से लूटी गई थी। उन्होंने पीड़ित एएस मूर्ति का अपहरण कर कार लूटी थी। इस बाबत स्थानीय थाने में अपहरण और लूट का मुकदमा भी दर्ज है। आंध्र प्रदेश निवासी मूर्ति एक कंपनी में इंजीनियर है और घटना के वक्त सीएनजी स्टेशन से गैस लेकर वापस घर लौट रहे थे। बदमाशों ने मेरठ से पिस्टल खरीदी थी। फिलहाल एसआई रोशन लाल मीणा की टीम हथियार बेचने वाले की तलाश कर रही है।




साइन इन