दिल्ली: स्कूल में वरिष्ठ छात्रों ने पीटा था, नहीं बची मासूम की जान, इलाज के दौरान मौत
दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में वरिष्ठ छात्रों द्वारा कथित तौर पर पिटाई किये जाने के कुछ दिन बाद 12 वर्षीय एक लड़के की अस्पताल में मौत हो गई है। घटना उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके की है।

उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके के एक सरकारी स्कूल में वरिष्ठ छात्रों द्वारा कथित तौर पर पिटाई किये जाने के कुछ दिन बाद 12 वर्षीय एक लड़के की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना 11 जनवरी को हुई थी और इलाज के दौरान 20 जनवरी को बच्चे की मौत हो गई। मृतक के पिता राहुल शर्मा ने बताया कि उनके बेटे के साथ स्कूल में वरिष्ठ छात्रों ने मारपीट की थी, जिससे उसके पैर में चोटें आई थीं।
शर्मा ने फोन पर कहा, 'कक्षा छठी में पढ़ने वाला मेरा बेटा 11 जनवरी को जब सरकारी स्कूल से घर लौटा तो वह लंगड़ा रहा था और उसे काफी दर्द भी हो रहा था। मैंने उससे इस बारे में पूछा, लेकिन वह चुप रहा। हम उसे एक अस्पताल ले गए जहां उसे कुछ दवाएं दी गईं और कुछ दिन तक आराम करने के लिए कहा गया। लेकिन उसकी हालत बिगड़ गई और फिर हम उसे रोहिणी के एक अस्पताल में ले गए।
शर्मा ने बताया कि 20 जनवरी को अस्पताल में इलाज के दौरान उनके बेटे की मौत हो गई। वहीं पिता ने कहा- हमें नहीं पता कि उसके साथ मारपीट क्यों की गई। वह सेना में भर्ती होना चाहता था। उसके सारे सपने टूट गये। संपर्क करने पर पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मनोज कुमार मीणा ने घटना की पुष्टि की और कहा- हम चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करा रहे हैं। उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन