bihar Labourer falls to death from under-construction building in Delhi Malviya Nagar builder arrested बिहार के मजदूर की दिल्ली में निर्माणाधीन मकान से गिरकर मौत, बिल्डर गिरफ्तार, Ncr Hindi News - Hindustan
More

बिहार के मजदूर की दिल्ली में निर्माणाधीन मकान से गिरकर मौत, बिल्डर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि जांच-पड़ताल के दौरान यह पता चला था कि हरीश नाम के एक बिल्डर इस मकान का निर्माण करवा रहे थे। पुलिस ने बताया कि हरीश को एमसीडी से मकान बनाने का अप्रूवल मिला था। 

Mon, 31 July 2023 12:16 PMNishant Nandan एएनआई, नई दिल्ली
share
बिहार के मजदूर की दिल्ली में निर्माणाधीन मकान से गिरकर मौत, बिल्डर गिरफ्तार

दिल्ली में एक निर्माणाधीन मकान की पांचवीं मंजिल से गिर जाने के बाद एक मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने एक बिल्डर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान 41 साल के शेख शाह आलम के तौर पर हुई है। शेख शाह आलम बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले थे और दिल्ली में मजदूर के तौर पर काम करते थे। 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रविवार को पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए जानकारी मिली थी कि मालवीय नगर में एक निर्माणाधीन मकान की पांचवीं मंजिल से एक मजदूर गिर गया है। जांच-पड़ताल के दौरान यह पता चला था कि हरीश नाम के एक बिल्डर इस मकान का निर्माण करवा रहे थे। पुलिस ने बताया कि हरीश को एमसीडी से मकान बनाने का अप्रूवल मिला था। 

पुलिस ने बताया कि सेफ्टी गियर ना तो मृतक के शरीर पर मिला था और ना ही कार्यस्थल पर मिला था। मौत के बाद मृतक के शव को मुर्दाघर में रखवाया गया था। पुलिस ने आगे बताया कि बिल्डर हरीश को पकड़ लिया गया और उसपर भारतीय दंड संहिता की धारा 288/304A के तहत केस दर्ज किया गया है। 

इस घटना की जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि यह मजदूर दीवार का प्लास्टर कर रहे थे। इसी दौरान मकान की पांचवीं मंजिल से वो नीचे गिर गये। अप विधायक ने कहा, 'यह काफी दुखद घटना है। एक मजदूर दिल्ली से बिहार कुछ पैसे कमाने के लिए अपने परिवार को छोड़ कर आया और उसकी मौत हो गई। वो मकान की पांचवीं मंजिल पर प्लास्टर कर रहे थे। बिल्डर ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई और मजदूर को सेफ्टी गियर नहीं दिया था। यह कमियों को दर्शाता है। पुलिस और एमसीडी ने कहा कि  बिल्डिंग के लिए अप्रूवल लिया गया था। 

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।