गाजियाबाद में 70 साल की बूढ़ी मां को पीट रहा था बेटा, कैसे अमरिका से आए वीडियो ने भिजवाया जेल
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में 70 साल की एक वृद्धा को घर पर ही उसके बेटे द्वारा बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। अमेरिका में रहने वाली बेटी ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए तो मामले का खुलासा हुआ।

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में 70 साल की एक वृद्धा को घर पर ही उसके बेटे द्वारा बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। अमेरिका में रहने वाली बेटी ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए तो मामले का खुलासा हुआ। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शनिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें 26 वर्षीय युवक अपनी मां को बेरहमी से पीटता नजर आया। जांच में मामला मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर सेक्टर-23 जागृति विहार मकान नंबर 22 का निकला।
पुलिस मौके पर पहुंची और मां की पिटाई करने वाले निशांत ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। आसपास के लोगों ने बताया कि वृद्ध महिला को एक बेटा और बेटी है। पिता का वर्षों पहले देहांत हो चुका है। वृद्धा की बेटी अमेरिका में नौकरी करती है, जबकि उसका भाई नशे का आदी है और एक सप्ताह पूर्व ही नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आया है। अमेरिका से युवती अपनी मां को घरेलू खर्च और उपचार कराने के लिए रुपये भेजती है। निशांत ठाकुर नशे का आदी है और शुक्रवार को उसने नशे के लिए रुपये न देने पर अपनी मां का गला दबाया और मारपीट की। इससे पूर्व वृद्धा ने अपनी बेटी को उसके भाई की करतूत के बारे में बताया था। युवती ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए और अपनी मां के हालात अमेरिका से ही मोबाइल पर देखती रहती थी। युवती ने पड़ोसियों को फुटेज भेजी और उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
बेटी ने वीडियो वायरल कर भाई पर कार्रवाई करवाई
जानकारी मिली है कि वृद्धा की बेटी अमेरिका में नौकरी करती है। मां उसे बेटे द्वारा मारपीट करने की बात बताती थी। इसे लेकर ही बेटी ने अपनी मां के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगाया था। इसी कैमरे के जरिये उसने अपने मोबाइल में इस पूरी घटना को रिकॉर्ड करते हुए देखा भी। फिर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर अपने आरोपी भाई के खिलाफ कार्रवाई करवाई।
क्या बोली पुलिस
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वृद्धा को उसका बेटा पीटता नजर आ रहा है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोई परिचित तहरीर नहीं देता है तो पुलिस स्वयं मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजेगी।




साइन इन