फरीदाबाद की सिरोही झील बनी ‘डेथ ट्रैप’; नहाने गए दिल्ली के युवक की डूबने से मौत, 3 महीने में तीसरा हादसा
मृतक के दो भाई और एक बहन भी हैं और चार भाई-बहनों में वह सबसे छोटा था। उसके पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। धौज थाना एसएचओ दर्पण कुमार ने बताया कि रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा।

हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित सिरोही झील में शनिवार दोपहर को डूबने से दिल्ली निवासी एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ यहां नहाने आया था, इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली के डेरा फतेहपुर गांव निवासी 24 वर्षीय उमाशंकर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक तैरना नहीं जानता था। रविवार सुबह युवक के शव का पोस्टमार्टम होगा। बीते तीन माह में सिरोही झील में डूबने से हुई मौत का यह तीसरा मामला है।
पुलिस ने बताया कि उमाशंकर अपने दोस्तों के साथ यहां नहाने आया था और चारों दोस्त आते ही झील में कूद गए। इस दौरान उमाशंकर कुछ देर तो झील के किनारे पर नहाता रहा, लेकिन इसके बाद झील में गहराई की तरफ चला गया और अचानक डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी उसे बचा नहीं पाए। फिर उन्होंने इस मामले की सूचना धौज थाना पुलिस को दी।
अस्पताल में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित किया
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद लेकर युवक को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस युवक को बेसुध हालत में लेकर धौज स्थित अलफलाह मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। तब पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए NIT-3 ESIC मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया।
चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था उमाशंकर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के दो भाई और एक बहन भी हैं और चार भाई-बहनों में वह सबसे छोटा था। उसके पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। धौज थाना एसएचओ दर्पण कुमार ने बताया कि रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा। युवक पूर्व में रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्य करता था। फिलहाल कुछ नहीं कर रहा था।
चेतावनी बोर्ड के बावजूद पहुंच रहे युवा
स्थानीय लोगों ने बताया कि यूं तो झील पर चेतावनी बोर्ड लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद भीषण गर्मी में ठंडे पानी में नहाने का मजा लेने के लिए युवा अरावली पहाड़ी में स्थित झीलों में पहुंच रहे हैं और हादसे का शिकार हो रहे हैं। इन झीलों की गहराई 100 मीटर से भी ज्यादा बताई जाती है। धौज थाना एसएचओ ने बताया कि पंचायत की मदद से यहां चेतावनी बोर्ड भी लगवाए गए हैं। फिर भी यहां हादसे हो रहे हैं। उधर, लोगों का कहना है कि चेतावनी बोर्ड की संख्या कम है।
कृत्रिम झीलों की तारबंदी न होने से युवा बेमौत मर रहे
बड़खल झील के सूखने के बाद अरावली पहाड़ी में खनन से बनीं कृत्रिम झीलों में डूबने से दिल्ली-एनसीआर के युवा बेमौत मारे जा रहे हैं। बीते दो दशक में करीब 100 युवाओं की मौत होने पर भी प्रशासन की ओर से युवाओं को झीलों पर जाने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं कर पाया है। इन झीलों की तारबंदी नहीं होने की वजह से युवा बेखौफ होकर वहां पहुंच जाते हैं। इस लापरवाही का नतीजा युवाओं को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
कई लोगों का कहना है कि यूट्यूब पर वीडियो देखकर युवा इन झीलों की खींचे चले आ रहे हैं। हर वर्ष गर्मी के मौसम में युवा इन झीलों में नहाने के लिए आते हैं। फिर भी जिला प्रशासन में इन झीलों में हो रहीं मौतों को लेकर लेकर कोई हलचल नहीं है। न तो इन झीलों की तारबंदी की जा रही है। झीलों में हो रही मौतों को लेकर किसी एक विभाग की जिम्मेदारी भी अभी तक तय नहीं हो सकी है। पुलिस ने कुछ अरसे पहले बड़वाली झील की ओर जाने वाले रास्ते को खुदवा दिया था, लेकिन सिरोही झील गांव के नजदीक होने के कारण रास्ता खुदवाना भी संभव नहीं है।
बता दें कि फरीदाबाद में अरावली पहाड़ी में बड़े पैमाने पर खनन कार्य होता था। सन् 2002 में सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद यहां खनन कार्य बंद हो गया था। खनन कार्य की वजह से अरावली पहाड़ी क्षेत्र में काफी संख्या में कृत्रिम झील बन गईं थीं।
प्रशासन इन कदमों को उठाकर लगा सकता है हादसों पर लगाम
- खूनी झीलों की भयानकता के बारे में प्रशासन सोशल मीडिया पर प्रचार करे।
- कॉलेजों में जाकर प्रशासन छात्रों को जागरुक करे
- पहाड़ में अंदर प्रवेश करने वाले सभी रास्तों और जिन झीलों में छात्रों की मौत हुई है वहां चेतावनी वाले बड़े बोर्ड लगाए।
- जिन झीलों में मौत हो चुकी है उन झीलों की तारबंदी करवाई जाए।
पिछले दिनों झील में डूबने हुई मौतों के मामले
23 अगस्त 2021: खूनी झील में नहाने गए शिव दुर्गा विहार निवासी कुलदीप सिंह व पंकज तिवारी की मौत हुई।
18 जून 2023- अरावली के सिरोही झील में नहाते समय डबूने से दिल्ली निवासी दो युवक की मौत
11 मई 2024 को दिल्ली संगम विहार निवासी इंजीनियर समेत दो की मौत
15 मई 2024 को अज्जी कॉलोनी निवासी किशोर की मौत
24 फरवरी 2026 को सिरोही झील में युवक की डूबने से मौत
07 अप्रैल 2026 को दिल्ली के बसंत गांव निवासी 21 वर्षीय युवक की सिरोही झील में डूबने से मौत




साइन इन