रेखा गुप्ता सरकार ने एक साल में पूरे किए कौन से 10 बड़े वादे, कैश वाली 3 स्कीमों का इंतजार
दिल्ली में आज भाजपा की सरकार बने एक साल पूरा हो गया है। रेखा गुप्ता सरकार के एक साल के रिपोर्ट कार्ड पर नजर डालें तो पता चलता है कि इस बीते एक साल में भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए कई वादों को काफी हद तक पूरा कर लिया है, जबकि कैश स्कीम वाले 3 बड़े वादों का अब भी इंतजार है।

दिल्ली में आज भाजपा की सरकार बने एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार के एक साल के कामों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। भाजपा सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर नजर डालें तो पता चलता है कि इस बीते एक साल में दिल्ली सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किए कई वादों को काफी हद तक पूरा किया है, जबकि कई वादे अब तक अधूरे हैं। हालांकि, अभी सरकार को बने महज एक साल ही हुआ है और इन वादों पर अमल करने के लिए अब भी चार साल बाकी हैं। आइए जानते हैं रेखा गुप्ता की सरकार ने इस एक साल में कौन-कौन से वादे पूरे किए और कैश व मुफ्त समेत कौन से वादे अब भी बाकी हैं।
ये वादे हुए पूरे
1. दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर पार्टी का सबसे अहम वादा आयुष्मान भारत योजना लागू करने का था,जो रेखा गुप्ता सरकार ने पूरा कर दिया है। इसमें बीपीएल परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। इसमें 5 लाख रुपये केंद्र सरकार और 5 लाख रुपये दिल्ली सरकार प्रदान किए जाते हैं।
2. भाजपा ने वादा किया था दिल्ली में भी 70 साल से अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के मुफ्त मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इसमें 5 लाख रुपये केंद्र और 5 लाख रुपये राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए जाते हैं।
3. भाजपा ने चुनाव से पहले दिल्ली के सभी सरकारी अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने का अपना वाद भी पूरा कर दिया है।
4. दिल्ली में भाजपा सरकार ने गरीबों को 5 रुपये में पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जेजे क्लस्टरों में अटल कैंटीन खोलने का वादा भी काफी हद तक पूरा कर दिया है। गुरुवार 19 फरवरी को 25 नई अटल कैंटीन शुरू होने के बाद अब राजधानी में कुल 71 अटल कैंटीन अलग-अलग जगहों पर चल रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि आने वाले समय में सरकार का लक्ष्य 100 अटल कैंटीन शुरू करने का है।
4. भाजपा ने दिल्लीवालों से सभी घरों में पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने का भी वादा किया था, जिस पर काम शुरू हो गया है। इसमें कुछ इलाकों में लोगों को साफ पानी मिलने लगा है। सरकार जल्द अन्य इलाकों में भी पुरानी पाइपलाइनों को बदलकर वहां भी साफ पानी पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
5. भाजपा ने दिल्ली में सरकार बनने पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में सुधार के लिए डीटीसी बसों की संख्या बढ़ाने और विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को पर लगाम लगाने का वादा किया था। इस पर भी सरकार ने तेजी से काम करते हुए, इलेक्ट्रिक बसें खरीदने और 'देवी' बसें चलाना शुरू कर दिया है।
6. भाजपा ने दिल्ली में सरकार बनते ही यमुना की सफाई के अपने सबसे बड़े और अहम वादे पर काम शुरू कर दिया है। हालांकि अभी इसे पूरा होने में वक्त लगेगा, लेकिन सरकार इसके लिए लगातार प्रयासरत है।
7. भाजपा ने दिल्ली से कूड़े के पहाड़ खत्म करने का भी वादा किया था, जिस पर लगातार काम किया जा रह है।
8. भाजपा ने दिल्ली की जनता को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने का भी वादा किया था, हालांकि यह वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है, लेकिन सरकार का ऐसा दावा है कि उसके द्वारा किए जा रहे कामों से इसमें बीते सालों के मुकाबले सुधार हुआ है।
9. भाजपा ने दिल्ली में होली-दीवाली पर बीपीएल परिवारों को एक-एक मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया था। कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी प्रदान कर दी दी है, इस बार होली से लोगों को मुफ्त सिलेंडर मिलने भी लगेगा।
10. भाजपा ने राजधानी की सड़कों की सूरत संवारने का भी वादा किया था, जिस पर दिल्ली में सरकार बनते ही अमल शुरू हो गया था। सरकार सड़कों के रीडेवलपमेंट को लेकर तेजी से काम कर रही है।
ये वादे अब तक अधूरे
1. चुनाव से पहले भाजपा ने यह वादा किया था कि दिल्ली में उसकी सरकार बनने पर महिला समृद्धि योजना शुरू की जाएगी, जिसमें हर गरीब महिला को 2500 रुपये महीना आर्थिक मदद दी जाएगी, जो अब तक पूरा नहीं है।
2. भाजपा ने कहा था कि दिल्ली में हर गरीब परिवार की महिला को 500 रुपये में LPG सिलेंडर दिया जाएगा, यह वादा अब तक अधूरा है।
3. भाजपा ने कहा था कि मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के शुरू कर हर गर्भवती महिला को 21000 रुपये की आर्थिक मदद और 6 पोषण किट प्रदान की जाएगी, यह वादा भी अब तक पूरा नहीं हुआ।
4. भाजपा ने यह भी वादा किया था कि वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह करेगी। साथ ही 70 साल अधिक उम्र वाले वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, बेसहारा एवं परित्यक्त महिलाओ की पेंशन भी 2500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह की जाएगी। इस वादे को भी पूरा होने का इंतजार है।
5. भाजपा ने दिल्ली के जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक सरकारी शिक्षण संस्थानों में मुफ्त शिक्षा प्रदान करने और युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एकमुश्त 15000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का भी वादा किया था। इन वादों पर भी अब तक सरकार द्वारा कोई अमल नहीं हो सका है।




साइन इन