PM मोदी के बर्थडे पर दिल्ली में 75 योजनाएं शुरू करेगी रेखा गुप्ता सरकार, अमित शाह करेंगे लॉन्च
दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर 75 योजनाओं की शुरुआत करने जा रही है। प्रधानमंत्री का 17 सितंबर को जन्मदिन है उसी दिन सेवा पखवाड़ा की शुरुआत करने के साथ योजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी।

दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर 75 योजनाओं की शुरुआत करने जा रही है। प्रधानमंत्री का 17 सितंबर को जन्मदिन है उसी दिन सेवा पखवाड़ा की शुरुआत करने के साथ योजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, यमुना, जल बोर्ड, ड्रेनेज सिस्टम समेत कई अलग-अलग योजनाओं को इसके तहत लॉन्च करेगी। इसके साथ यमुनापार में लंबे समय से अटके नंद नगरी फ्लाईओवर की शुरुआत भी इसी दिन होगी। सरकार इसकी तैयारी में जुटी है।
17 सितंबर को दिल्ली सरकार की ओर से एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा की शुरुआत करने के साथ सरकार की स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं को लॉन्च करेंगे। पहले दिन यानि 17 सितंबर को सेवा पखवाड़ा के तहत 101 आरोग्य मंदिर, पांच मौजूदा अस्पतालों में बने नए ब्लॉक की शुरुआत होगी।
इसके अलावा एसटीपी की नई योजनाओं का शिलान्यास करने के साथ शिक्षा विभाग के तहत सीएम श्री स्कूलों का लॉन्च भी केंद्रीय गृह मंत्री करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत पहले दिन केंद्रीय मंत्री के उद्घाटन के बाद अगले कई दिनों तक श्रेणीवार अलग-अलग योजनाओं की शुरुआत होती रहेगी।
नंद नदरी फ्लाईओवर का होगा उद्घाटन
एक दिन सिर्फ यमुनापार के लिए अलग-अलग योजनाएं लॉन्च की जाएगी, जिसमें एसटीपी प्लांट के अलावा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में गगन सिनेमा के पास बने नए नंद नदरी फ्लाईओवर को भी लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। नंद नगरी फ्लाईओवर लंबे समय से लंबित पड़ा था। इसके खुलने से अब वजीराबाद रोड पर लोनी बॉर्डर, गगन सिनेमा के पास लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। भजनपुरा तक सफर सिग्नल फ्री हो जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग दिन अलग-अलग योजनाएं लॉन्च की जाएंगी।
‘जनता के लिए सरकार का उपहार’
सेवा पखवाड़ा के दौरान दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 3000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि जल बोर्ड की कुल 13 परियोजनाएं शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ये परिवर्तनकारी परियोजनाएं दिल्ली की जनता के लिए सरकार का उपहार होंगी।
सेवा पखवाड़ा के तहत लॉन्च होने वाली अहम योजनाएं
● सीएम श्री स्कूल की योजनाएं
● 101 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
● 5 अस्पतालों में नए ब्लॉक
● 100 करोड़ रुपये से अधिक की सीवर लाइन, यूजीआर
● 24 फायर टेंडर (क्विक रिस्पांस के तहत)
● नंद नगरी फ्लाईओवर खोला जाएगा
● यमुना की सफाई से जुड़ी योजनाएं लॉन्च होंगी




साइन इन