गाजियाबाद में बनेगा देश का सबसे आधुनिक रेल गार्ड भवन, क्या-क्या होंगी सुविधाएं
नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर देश का सबसे आधुनिक रेल गार्ड भवन बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। परियोजना का शिलान्यास रविवार को ओडिशा के जाजपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. रबिंद्र नारायण बेहेरा ने किया।

नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर देश का सबसे आधुनिक रेल गार्ड भवन बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। परियोजना का शिलान्यास रविवार को ओडिशा के जाजपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. रबिंद्र नारायण बेहेरा ने किया। इस अवसर पर रेलवे कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।
ऑल इंडिया गार्ड काउसिंग संस्था के दो भवन हैं। इनमें एक झारखंड स्थित गोमू और दूसरा गाजियाबाद के लोहिया नगर स्थित नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास है। भवन में ट्रेन मैनेजर की बैठक के साथ गार्ड्स के ठहरने की व्यवस्था होती है। लंबे समय से गार्ड काउंसिल की ओर से इसके जीर्णोद्धार की मांग की जा रही है।
काउंसिल के अध्यक्ष संतोष निशांक और महमंत्री डी. विश्वास ने बताया कि रेलवे गार्ड काउंसिल के महाअध्यक्ष देश के एक सांसद होते हैं। वर्तमान में काउंसिल के महा अध्यक्ष ओडिशा के जाजपुर के सांसद डॉ. रबिंद्र नारायण बेहेरा हैं। उन्होंने रेलवे से इसकी इजाजत दिलाकर रविवार को इसके जीर्णोद्धार के लिए शिलान्यास किया गया।
ये होंगी सुविधाएं
नए रेल गार्ड भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा। भवन में लगभग 200 लोगों की क्षमता वाला एक मीटिंग हॉल बनाया जाएगा, जहां गार्डों की बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य विभागीय गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। इसके अलावा गार्डों के ठहरने के लिए बेहतर सुविधाओं से युक्त कमरे बनाए जाएंगे। भवन में एक आधुनिक कैंटीन की भी व्यवस्था की जाएगी।
ट्रेन मैनजरों ने पे ग्रेड प्रमोशन की मांग की
कार्यक्रम के दौरान ट्रेन मैनेजर काउंसिल की ओर से सांसद से मांग की गई कि ट्रेन मैनेजर की नियुक्ति 2800 के पे ग्रेड पर होती है। नियमानुसार पूरी नौकरी में चार प्रोमशन मिलते हैं। प्रमोशन के साथ पे-ग्रेड भी बढ़ाया जाता है, लेकिन ट्रेन मैनेजर 2800 के पे-ग्रेड पर भर्ती होने के बाद चार प्रमोशन पाकर भी 4200 के पे-ग्रेड पर रिटायर हो जाते हैं। उनकी मांग है कि उन्हें भी बाकी की तरह 4600 और 4800 पे-ग्रेड प्रमोशन दिया जाए।
मॉडल के रूप में स्थापित होगा : सांसद
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. रबिंद्र नारायण बेहेरा ने कहा कि रेल गार्ड रेलवे संचालन की रीढ़ होते हैं। इनके लिए विश्राम सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। यह भवन न केवल गाजियाबाद बल्कि पूरे देश के लिए एक मॉडल के रूप में स्थापित होगा। भवन का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने के बाद रेलवे में कार्यरत ट्रेन मैनेजरों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। इससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल दोनों में वृद्धि होगी। मौके पर मौजूद शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि यह गाजियाबाद के गौरव की बात कि यहां देशभर के ट्रेन मैनेजरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार किया रहा है।




साइन इन