दिल्ली चुनाव से पहले PM मोदी दिल्ली को देंगे बड़ी सौगात, आज कई योजनाओं का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली में झुग्गी झोपड़ी (जेजे क्लस्टर्स) के निवासियों के लिए 1,675 फ्लैट और दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं समेत 4500 करोड़ रुपये की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली में झुग्गी झोपड़ी (जेजे क्लस्टर्स) के निवासियों के लिए 1,675 फ्लैट और दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं समेत 4500 करोड़ रुपये की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री दिल्ली विश्वविद्यालय में 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन नई परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। दिल्ली के अशोक विहार में स्वाभिमान अपार्टमेंट में झुग्गी झोपड़ी पुनर्वास परियोजना के तहत बने नवनिर्मित फ्लैटों का प्रधानमंत्री दौरा करेंगे और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। केंद्र सरकार एक फ्लैट के निर्माण पर 25 लाख रुपये खर्च करती है। पात्र लाभार्थी कुल राशि का सात प्रतिशत से कम भुगतान करते हैं, जिसमें मामूली योगदान के रूप में 1.42 लाख रुपये और रखरखाव के पांच साल के लिए 30,000 रुपये शामिल हैं।
दिल्लीवालों को मिलेगी सौगात : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली को हजारों करोड़ रुपये का सौगात देने जा रहे हैं। शुक्रवार को वह दिल्ली आ रहे हैं। आने वाले दिनों में मेट्रो फेज चार की योजनाओं की भी शुरुआत करेंगे।
मनमोहन सिंह के नाम पर हो कॉलेज : एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम पर डीयू के नए कॉलेज का नाम रखने की मांग की है। इस बाबत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। यह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी भेजा गया है।
इनका लोकार्पण होगा
नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर : पीएम नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का उद्घाटन करेंगे। सेंटर बनाने के लिए 600 खराब क्वार्टरों को अत्याधुनिक टावरों में बदला गया है।
जीपीआरए : सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास (जीपीआरए) टाइप-2 क्वार्टर का भी उद्घाटन होगा। इसमें 28 टावर शामिल हैं, जिनमें 2,500 से अधिक आवासीय इकाइयां हैं।
सीबीएसई का द्वारका कार्यालय : प्रधानमंत्री द्वारका में सीबीएसई के एकीकृत कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। इस पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें कार्यालय, ऑडिटोरियम, उन्नत डेटा सेंटर, व्यापक जल प्रबंधन प्रणाली आदि शामिल हैं।
ये हैं दिल्ली विश्वविद्यालय की तीन प्रमुख योजनाएं
● पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में 15.25 एकड़ में फैले पूर्वी परिसर में 373 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक ब्लॉक का निर्माण होगा।
● द्वारका सेक्टर-22 के पश्चिमी परिसर में पहले चरण में 107 करोड़ की लागत से 19434.28 वर्ग मीटर का शैक्षणिक भवन बनाया जाएगा।
● नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। इसमें 140 करोड़ रुपये की लागत आएगी।




साइन इन