pink saheli smart card to women for free travel in delhi DTC buses scheme launch date update महिलाओं को DTC बसों में फ्री सफर के लिए मिलेंगे पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड, इस दिन लॉन्च होगी योजना, Ncr Hindi News - Hindustan
More

महिलाओं को DTC बसों में फ्री सफर के लिए मिलेंगे पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड, इस दिन लॉन्च होगी योजना

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में दिल्ली की महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को मुफ्त यात्रा के लिए जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मिलने शुरू हो जाएंगे। दिल्ली सरकार 19 फरवरी को इस योजना को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

Tue, 17 Feb 2026 06:22 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
महिलाओं को DTC बसों में फ्री सफर के लिए मिलेंगे पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड, इस दिन लॉन्च होगी योजना

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में दिल्ली की महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को मुफ्त यात्रा के लिए जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मिलने शुरू हो जाएंगे। दिल्ली सरकार 19 फरवरी को इस योजना को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के बाद मिलने वाले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल डीटीसी की बसों में कंडक्टरों के पास मौजूद ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन) पर टैप करके किया जा सकेगा। दिल्ली की बसों में फिलहाल महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को मुफ्त सफर करने के लिए कंडक्टर से पिंक टिकट लेना पड़ता है। हर बार यात्रा के लिए अलग टिकट लेना होता है। अब इस झंझट से निजात मिल जाएगी।

डीटीसी के मुताबिक, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की योजना लॉन्च होने के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दिल्ली की रहने वाली महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर इस स्मार्ट कार्ड को हासिल कर सकेंगी। इसके बाद मेट्रो की तरह हर बार इस कार्ड को ईटीएम पर टैप कर महिलाओं को मुफ्त सफर की अनुमति मिल जाएगी। जिन महिलाओं के पास पिंक कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त सफर की अनुमति नहीं होगी।

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड

कार्ड जारी करने के लिए केंद्र बनाए जाएंगे

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड यानी गुलाबी कार्ड, नीला कार्ड और नारंगी कार्ड जारी करने के लिए दिल्ली में जगह-जगह बूथ भी बनाए जाएंगे। इनमें कुछ प्रमुख डिपो, पास केंद्र और अधिकृत बैंकों की ओर से चयनित स्थानों पर बूथ बनाए जाएंगे। कार्ड की लॉन्चिंग के बाद डीटीसी की ओर से इन स्थानों की जानकारी दी जाएगी।

दिल्ली सरकार महिलाओं से बसों में मुफ्त सफर का अधिकार छीनना चाहती है : कांग्रेस

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बीते दिनों दिल्ली सरकार पर महिलाओं के बसों में मुफ्त सफर को रोकने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि झुग्गी-झोपड़ी, पुनर्वास कॉलोनियों, अनाधिकृत कॉलोनियों सहित दिल्ली देहात में रहने वाली अशिक्षित और कम पढ़ी-लिखी महिलाओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और केवाईसी करना असंभव होगा।

यादव ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में डीटीसी और कलस्टर बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड की घोषणा करने की रिपोर्ट सामने आ रही है। रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की महिलाओं से बसों में फ्री यात्रा पर रोक लगाना चाहती हैं।

उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में 11000 बसों की जरूरत के अनुपात में डीटीसी और कलस्टर बसें आधी से भी कम है, पुरानी और उम्र खत्म हो चुकी बसें लगातार रोड़ से हटाई जा रही है और नई इलेक्ट्रिक बसें घोषणाओं के बावजदू उपयुक्त संख्या में बढ़ाई नही जा रही है, तब रेखा सरकार महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा कैसे देंगी, यह आज सबसे बड़ा सवाल है।

(वार्ता के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।