संसद के गेट पर बज उठा सायरन, कुछ पल के लिए मच गई अफरा-तफरी
राहत की बात यह है कि संसद परिसर की सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी थी बल्कि बूम बैरियम गिरने की वजह से यह सायरन बजने लगा था।

संसद भवन के गेट पर सोमवार को कुछ पल के लिए अफरा-तफरी मच गई जब वहां सिक्यॉरिटी अलार्म वाला सायरन अचानक बजने लगा। राहत की बात यह है कि संसद परिसर की सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी थी बल्कि बूम बैरियम गिरने की वजह से यह सायरन बजने लगा था।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने टॉप सिक्योरिटी सूत्रों के हवाले से बताया कि एंट्री गेट पर बूम बैरियर गिरने के बाद सिक्योरिटी सायरन बजने से थोड़ी देर के लिए संसद परिसर में गाड़ियों की एंट्री रोक दी गई थी। कुछ देर की जांच के बाद कॉम्प्लेक्स में गाड़ियों की एंट्री फिर से शुरू हो गई।
सोमवार की दोपहर विजय चौक के पास संसद के बाहर और अंदर अचानक सुरक्षा बढ़ा दी गई। सुरक्षाकर्मी हलचल में आ गए। कुछ पल के लिए गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई। हालांकि, कुछ देर बाद ही सबकुछ सामान्य हो गया। सायरन बजने के बाद इसलिए भी अफरा-तफरी मच गई क्योंकि संसद का सत्र चल रहा है।
13 दिसंबर 2001 में संसद पर हुए हमले के बाद से पूरे परिसर और आसपास के इलाके की सुरक्षा बेहद सख्त रहती है। जरा सी हलचल हो तो सुरक्षा के सभी प्रॉटोकॉल और एसओपी का पूरी गंभीरता से पालन किया जाता है।




साइन इन