गुरुग्राम के पचगांव में यू-टर्न फ्लाईओवर के NHAI के प्रस्ताव को ग्रामीणों ने ठुकराया, क्या है मांग
गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खेड़की दौला टोल प्लाजा को पचगांव में शिफ्ट करने के लिए एनएचएआई के यू-टर्न फ्लाईओवर के निर्माण के प्रस्ताव को ग्रामीणों ने मानने से इनकार कर दिया। वह पचगांव में सिर्फ एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण की मांग पर अड़े हैं।

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खेड़की दौला टोल प्लाजा को पचगांव में शिफ्ट करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के यू-टर्न फ्लाईओवर के निर्माण के प्रस्ताव को ग्रामीणों ने मानने से इनकार कर दिया। वह पचगांव में सिर्फ एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण की मांग पर अड़े हैं।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले साल जुलाई माह में खेड़की दौला टोल प्लाजा के पचगांव में शिफ्ट करने के एनएचएआई के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। एनएचएआई ने इसके शिफ्ट को लेकर करीब 18 करोड़ का एस्टीमेट बनाया था। टोल प्लाजा शिफ्ट करने को लेकर काम शुरू हो गया था। पचगांव गांव के अलावा कुकडौला, फाजिलवास, ग्वालियर, चांदला डूंगरवास, फकरपुर, मोकलवास, खरखड़ी, ततारपुर, जमालपुर, घोषगढ़, चित्रसेन ढाणी, शंकरवाली ढाणी, कृम्वास ढाणी, कासन, बिनौला, भौड़ाकलां, बाघनकी, खेड़की, लांगड़ा, कलवाड़ी, हसनपुर, मोहम्मदपुर, इसरपुर, बिसर, पथरेड़ी, सहरावन आदि गांवों ने इसका विरोध किया था। गत 10 अगस्त को इस सिलसिले में महापंचायत हुई थी।
महापंचायत के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने ग्रामीणों से मुलाकात की थी। ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने एनएचएआई ने टोल प्लाजा शिफ्टिंग के लिए नई जगह तलाशने के निर्देश दिए थे। गांव कुकडौला में जमीन की तलाश की गई। जब काम शुरू किया तो एनएसजी, मानेसर ने सुरक्षा कारणों के चलते इस जगह पर टोल शिफ्ट नहीं करने का आग्रह किया, तब से यह मामला अटका हुआ है। पिछले महीने एनएचएआई ने केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत के समक्ष पचगांव में टोल प्लाजा शिफ्ट करने का प्रस्ताव दोबारा रखा।
उन्हें बताया गया कि आसपास लगते गांवों की सहूलियत को लेकर इफ्को चौक की तर्ज पर यू-टर्न फ्लाईओवर तैयार कर दिया जाएगा। पैदल, दुपहिया वाहनों और पशुओं की क्रॉसिंग के लिए क्रॉसिंग अंडरपास पहले से बना हुआ है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि यू-टर्न फ्लाईओवर के प्रस्ताव से ग्रामीणों को रूबरू करवाया जाए।
एनएचएआई के प्रस्ताव को मानने से इनकार किया
पिछले सप्ताह इस मामले में जिला उपायुक्त अजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें पचगांव चौक संघर्ष समिति के प्रधान होशियार सिंह खरखड़ी के अलावा कृष्ण सरपंच, सुक्कु सरपंच, मोकलवास से महेश, ततारपुर से बाबूलाल आदि मौजूद थे। इस बैठक में एनएचएआई के प्रस्ताव को ग्रामीणों ने मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने जिला उपायुक्त से आग्रह किया कि पचगांव चौक पर फ्लाईओवर तैयार किया जाए। एक ग्रामीण ने बताया कि इस चौक को रोजाना 10 हजार लोग पार करते हैं। इस चौक के पास भविष्य में मेट्रो और रेलवे स्टेशन बनेगा। यू-टर्न फ्लाईओवर बनने से नुकसान होगा। एलिवेटेड फ्लाईओवर बनने से राहत मिलेगी।
टोल प्लाजा शिफ्ट की मांग कर रहे सेक्टरों के लोग
सेक्टर-75 से लेकर 95 तक के लोग 10 साल से टोल प्लाजा शिफ्टिंग की मांग कर रहे हैं। घर से बाहर निकलते ही उन्हें टोल देना पड़ता है। इनकी मांग पर इस टोल प्लाजा को शिफ्ट करने की योजना तैयार की गई। दोनों योजनाओं के अटकने से टोल की शिफ्टिंग नहीं हो पा रही है।
योगेश तिलक, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई, ''पचगांव चौक पर यू-टर्न फ्लाईओवर का प्रस्ताव बनाकर ग्रामीणों के सामने रखा था। उन्होंने इसे मानने से इनकार कर दिया। वह यहां फ्लाईओवर की मांग कर रहे हैं। विवाद सुलझाने के बाद ही टोल प्लाजा का स्थानांतरण हो पाएगा।''




साइन इन