old gurugram metro route increased rates land compensation stations will be built at these locations ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट में आ रही जमीन का बढ़ा मुआवजा देने की तैयारी, इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन, Ncr Hindi News - Hindustan
More

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट में आ रही जमीन का बढ़ा मुआवजा देने की तैयारी, इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट में आ रही जमीन का बढ़ा मुआवजा देने की तैयारी शुरू हो गई है। जीएमआरएल ने मेट्रो की जमीन अधिग्रहण नीति तैयार की है। इस नीति को मुंबई मेट्रो की तर्ज पर बनाया गया है। अगले एक सप्ताह में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की तरफ से इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।

Mon, 24 Nov 2025 08:44 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, दीपक आहूजा
share
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट में आ रही जमीन का बढ़ा मुआवजा देने की तैयारी, इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट में आ रही जमीन का बढ़ा मुआवजा देने की तैयारी शुरू हो गई है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने मेट्रो की जमीन अधिग्रहण नीति तैयार की है। इस नीति को मुंबई मेट्रो की तर्ज पर बनाया गया है। अगले एक सप्ताह में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की तरफ से इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण में निर्माण में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सेक्टर-नौ में आवंटित प्लॉट नंबर 1-एसपी आ रहा है। प्लॉट मालिक ने इसके ऊपर मकान का निर्माण किया हुआ है। इस तरह सेक्टर-चार के दो मकान मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण के बीच में आ रहे हैं। एचएसवीपी की तरफ से प्लॉट नंबर 949पी और 950 आवंटित हैं।

जिला उपायुक्त की अध्यक्षता गठित समिति ने इन मकान मालिकों से बातचीत की है। एक अधिकारी ने बताया कि इन मकान मालिकों ने वैकल्पिक प्लॉट मांगा है। बाजार की कीमत के हिसाब से निर्माण की एवज में मुआवजा मांगा है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो का निर्माण होना है। डेढ़ एकड़ में 100 लेबर रूम बने हुए हैं।

अवैध रूप से निर्मित 121 मकान

जीएमआरएल की तरफ से करवाए गए सर्वे में सामने आया है कि पहले और दूसरे चरण के निर्माण में 38 मकान और दुकान ऐसे आ रहे हैं, जिनके पास रजिस्ट्री है। 121 मकान और दुकान अवैध रूप से बने हुए हैं। अधिकांश निर्माण गांव बसई में फ्लाईओवर के आसपास हैं। इसके अलावा कुछ दुकान अस्थायी तौर पर चलाई जा रही हैं।

इस नीति में जमीन को खरीदा जाएगा

जीएमआरएल के एक अधिकारी के मुताबिक मेट्रो नीति की खासियत यह होगी कि मुआवजा अतिशीघ्र प्रभावित लोगों को मिल जाएगा। भूमि अधिग्रहण नीति में मुआवजा जारी करने में काफी समय लग जाता है। इस नीति में जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन होगा। इसमें उपमंडल अधिकारी के अलावा एचएसवीपी, जीएमआरएल, जीएमडीए, नगर निगम के अधिकारी शामिल होंगे।

इन स्थानों पर मेट्रो स्टेशन बनेंगे

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-छह, सेक्टर-10, सेक्टर-37, गांव बसई, सेक्टर-नौ, सेक्टर-101, सेक्टर-सात, सेक्टर-चार, सेक्टर-पांच, रेलवे स्टेशन, अशोक विहार, सेक्टर-तीन आदि में स्टेशन बनेंगे।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।