old gurugram metro phase 2 delay drainage construction gmda gmrl underground proposal ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का काम फिर अटका, जानिए अब कहां फंस रहा फेज-2 का रूट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का काम फिर अटका, जानिए अब कहां फंस रहा फेज-2 का रूट

मेजर सुशील ऐमा मार्ग पर मुख्य बरसाती नाले का निर्माण न होने से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण में देरी की आशंका है। जीएमडीए ने 34 करोड़ का बजट तैयार किया है, लेकिन टेंडर अभी बाकी है।

Wed, 11 Feb 2026 08:20 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का काम फिर अटका, जानिए अब कहां फंस रहा फेज-2 का रूट

मेजर सुशील ऐमा मार्ग पर मुख्य बरसाती नाले का निर्माण न होने से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के दूसरे चरण को शुरू करने में देरी होगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने नाले की योजना बनाई पर टेंडर आमंत्रित नहीं किए हैं। दूसरी तरफ, गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने जून तक इस नाले का निर्माण करने का आग्रह जीएमडीए से किया है।

पहले चरण का टेंडर पिछले साल ही जारी

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के तहत पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-9 तक मेट्रो मार्ग तैयार करने का ठेका पिछले साल एक कंपनी को सितंबर में आवंटित किया था। सेक्टर-9 से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो मार्ग को दूसरे चरण में तैयार करना है। रेजांगला चौक से लेकर ओल्ड दिल्ली रोड तक करीब तीन किलोमीटर लंबे सुशील ऐमा मार्ग पर मेट्रो का निर्माण किया जाना है। इस मार्ग की चौड़ाई करीब 30 मीटर है। इसमें से तीन मीटर चौड़ा मौजूदा मुख्य बरसाती नाला है।

जीएमडीए अधिकारियों ने जीएमआरएल से आग्रह किया है कि दूसरे चरण में आ रही सड़कों पर मेट्रो को भूमिगत किया जाए। अधिकांश सड़कों की चौड़ाई 30 मीटर है। लोगों को मेट्रो निर्माण के दौरान जाम का सामना करना पड़ेगा। बता दें कि उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह भी शहरी एवं आवास मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मेट्रो को भूमिगत करने का आग्रह कर चुके हैं।

34 करोड़ की लागत आएगी

बरसाती नाले के निर्माण को लेकर जीएमडीए ने करीब 34 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। दावा है कि अगले महीने टेंडर आमंत्रित कर दिए जाएंगे। टेंडर आवंटन के बाद इस बरसाती नाले को 12 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। 10 करोड़ रुपये से अधिक राशि का टेंडर होने की वजह से टेंडर आवंटन को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय खरीद समिति की तरफ से मंजूरी दी जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।