old gurugram metro gmrl board meeting underpass bakhtawar chowk krishna chowk news ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के रूट से हटेंगे 4 अंडरपास, समय पर काम पूरा करने के लिए बड़ा फैसला, Ncr Hindi News - Hindustan
More

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के रूट से हटेंगे 4 अंडरपास, समय पर काम पूरा करने के लिए बड़ा फैसला

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट से 4 अंडरपास हटाने का निर्णय लिया है, अब केवल बख्तावर और कृष्णा चौक पर ही अंडरपास का निर्माण होगा।

Wed, 24 Dec 2025 09:01 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के रूट से हटेंगे 4 अंडरपास, समय पर काम पूरा करने के लिए बड़ा फैसला

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण में चार अंडरपास शामिल नहीं होंगे। इस फैसले पर मंगलवार को गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) बोर्ड की बैठक में मुहर लग गई। जीएमआरएल फिलहाल बख्तावर चौक और कृष्णा चौक पर दो अंडरपास का निर्माण करवाएगा। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण में छह अंडरपास आ रहे हैं।

इनमें बख्तावर चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-पांच से शीतला माता रोड, कृष्णा चौक, रेजांगला चौक और सुशील ऐमा मार्ग से ओल्ड दिल्ली रोड शामिल हैं। मंगलवार सुबह जीएमआरएल की अध्यक्ष डी तारा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन हुआ। इसमें जीएमआरएल के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे के अलावा एचएमआरटीसी, जीएमडीए और एचएसवीपी के अधिकारी शामिल हुए। जीएमआरएल ने इस बैठक में पक्ष रखा कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सेक्टर-नौ तक का टेंडर आवंटित किया जा चुका है।

पहले चरण में बख्तावर चौक अंडरपास शामिल है, जिसे इस टेंडर में शामिल किया है। दूसरे चरण के तहत सेक्टर-9से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो निर्माण प्रस्तावित है। रूट में पांच अंडरपास आ रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि गत 17 नवंबर को जीएमआरएल और जीएमडीए के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट का निरीक्षण किया था। इस दौरान पाया कि रेलवे रोड, सेक्टर-5 से शीतला माता रोड, रेजांगला चौक और सुशील ऐमा मार्ग से ओल्ड दिल्ली रोड पर प्रस्तावित अंडरपास मेट्रो रूट के बीच में नहीं आ रहे हैं।

कार्य तय समय पर होगा

अधिकारी ने बताया कि यदि इन सभी अंडरपास का निर्माण ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के दौरान किया जाता है तो लोगों को यातायात संबंधी असुविधा होगी। इससे परियोजना को निर्धारित समयावधि में पूरा करने में दिक्कत आएगी। ऐसे में फैसला लिया कि जीएमडीए के खर्चे पर बख्तावर चौक और कृष्णा चौक अंडरपास का निर्माण जीएमआरएल की तरफ से किया जाएगा।

नमो भारत स्टेशन का डिजाइन तैयार किया जा रहा

एनसीआरटीसी ने दिल्ली के सराय रोहिल्ला से गुरुग्राम होते हुए बावल तक नमो भारत ट्रेन के संचालन के तहत डीएलएफ साइबर सिटी में एक स्टेशन प्रस्तावित है। इस स्टेशन का विरोध एचएसआईआईडीसी ने किया था। इसको लेकर एनसीआरटीसी की तरफ से इस स्टेशन का नया डिजाइन तैयार किया जा रहा है। इसके तहत शंकर चौक पर स्टेशन तो बनेगा, लेकिन इसके प्रवेश और निकासी का द्वार दूर बनाए जाएंगे। इससे शंकर चौक पर यातायात जाम नहीं होगा। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन की अगले महीने में प्रस्तावित बैठक में इस स्टेशन के डिजाइन को रखा जाएगा। इसके फाइनल होने के बाद ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण का टेंडर लग जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।