अब नोएडा में सैलरी पर बवाल, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी; पुलिस पर पथराव
गुरुग्राम के बाद अब नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ। नोएडा के फेज-2 में कर्मचारियों ने बवाल काटा। बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगी दी।

गुरुग्राम के बाद अब नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बड़ा बवाल हुआ है। नोएडा के फेज-2 में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगी दी। पुलिस पर भी पथराव किया गया। घंटों पूरा इलाका युद्ध क्षेत्र जैसा बना रहा। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए किसी तरह स्थिति को काबू किया। दूसरी तरफ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवेल समेत नोएडा-गाजियाबाद के कई इलाकों में भीषण जाम लग गया।
बताया जा रहा है कि फेज-2 स्थित मदरसन कंपनी के अस्थायी कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि समेत कुछ मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। अस्थायी कर्मचारियों का दावा है कि कंपनी ने नए श्रम कानूनों के प्रावधानों को लागू नहीं किया है, जिसको लेकर उनमें रोष था। सोमवार सुबह हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी कंपनी के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस भी तैनात थी।
वाहनों में तोड़फोड़-आगजनी
प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। भीड़ हिंसक हो उठी। कंपनी के आसपास कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। तोड़फोड़ की गई। यहां तक कि पुलिस पर भी पथराव होने लगा। पुलिस की गाड़ियों को में तोड़फोड़ की गई। एक जिप्सी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करके पलट दिया गया। हिंसक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज करके भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम
फेज-2 के अलावा सेक्टर 15 और 62 में भी श्रमिकों ने हंगामा किया। जिसकी वजह से दिल्ली मेरठ-एक्सप्रेसवे समेत नोएडा में कई जगह भीषण जाम लग गया और लोगों को आवाजाही में काफी समस्या हुई। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर तो घंटों लोग फंसे रहे।
गाजियाबाद पुलिस ने भीषण जाम को देखते हुए एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि सेक्टर 62 नोएडा NH 9 पर दिल्ली जाने वाली साइड रोड पर इंडस्ट्रियल कर्मचारियों के द्वारा प्रदर्शन कर जाम किया गया है, यातायात का दबाव उत्पन्न हो गया है। पुलिस बल मौके पर मौजूद है। यातायात पुलिस गाजियाबाद द्वारा ABES तथा विजयनगर बाईपास से आवश्यक डायवर्जन किया जा रहा है। असुविधा से बचने के लिए कृपया वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
एक दिन पहले ही डीएम ने जारी की थी अपील
एक दिन पहले ही डीएम मेधा रूपम ने एक संदेश जारी करते हुए श्रमिकों से अपील करते हुए कहा था कि जिले में सौहार्द व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग। अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा था कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान,बोनस,साप्ताहिक अवकाश एवं कार्यस्थल सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा रहा है और इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं।




साइन इन