नोएडा को बड़ी सौगात, महामाया से सेक्टर-94 तक एलिवेटेड रोड के रूट पर बड़ा अपडेट
पहला रूट चिल्ला एलिवेटेड रोड से होकर कालिंदी कुंज रोड पार करते हुए सेक्टर-94 के गोल चक्कर का है। दूसरा रूट, शहदरा नाले के साथ और आगे बढ़कर ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के आगे से बाएं मुड़कर सीधे सेक्टर-94 में यमुना पुश्ता रोड से मिलाने का है।

नोएडा महामाया फ्लाईओवर के पास से सेक्टर-94 पुश्ते तक बनने वाली एलिवेटेड रोड का रूट फाइनल करने का काम अंतिम चरण में है। प्राधिकरण के अधिकारियों का मानना है कि अगले एक हफ्ते से दस दिन के अंदर रूट फाइनल कर दिया जाएगा। इस एलिवेटेड रोड के लिए प्राधिकरण आईआईटी रुड़की से डिजाइन तैयार करवा रहा है। इस एलिवेटेड की डिटेल डिजाइन रिपोर्ट दो रूट की बनेगी। पहला रूट चिल्ला एलिवेटेड रोड से होकर कालिंदी कुंज रोड पार करते हुए सेक्टर-94 के गोल चक्कर का है। दूसरा रूट, शहदरा नाले के साथ और आगे बढ़कर ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के आगे से बाएं मुड़कर सीधे सेक्टर-94 में यमुना पुश्ता रोड से मिलाने का है।
प्राधिकरण इनमें से उस रूट का चयन करेगा जो ट्रैफिक की रफ्तार के लिए उपयोगी होगा। इस नए एलिवेटेड रोड की लंबाई 1.2 मीटर से 1.6 किलोमीटर के बीच में रहने का अनुमान है। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि डिजाइन और रूट की रिपोर्ट दोनों की आईआईटी से बनवाई जा रही है। प्राधिकरण अभी इस पक्ष में है कि सीधे एलिवेटेड रोड को सेक्टर-94 में अंतिम निवास के आगे पुश्ता रोड पर उतारा जाए। इससे बीच की सड़क या गोल चक्कर पर नए एलिवेटेड रोड के ट्रैफिक का दबाव नहीं आने पाएगा। मयूर विहार से आने वाले वाहन सीधे यमुना पुश्ता रोड पर उतरेंगे और आगे चले जाएंगे। इसके बाद सेक्टर-124, 125, 128, 129,135 समेत अन्य संस्थागत, आईटी व ग्रुप हाउसिंग वाले सेक्टरें का मौजूदा समय में भी रास्ता सीधा हो जाएगा। आने वाले समय में यमुना पुश्ते पर भी सेक्टर-94 से 150 तक एलिवेटेड रोड बनाया जाना प्रस्तावित है। यह एलिवेटेड रोड यमुना एक्सप्रेसवे से और नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर परी चौक से जोड़ा जाएगा, लेकिन एलिवेटेड पुश्ता रोड पर उतारने के लिए सेक्टर-94 में ही पुश्ते पर पिलर बनाना होगा।
खोड़ा तिराहे से सेक्टर-59 तक नाले की चौड़ाई बढ़ेगी
नोएडा, प्रमुख संवाददाता। जलभराव की समस्या दूर करने के लिए खोड़ा तिराहे से सेक्टर-59 मामूरा तक बने हुए नाले की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। करीब ढाई मीटर और नाला चौड़ा किया जाएगा। नाले के काम के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी सी बारिश में ही खोड़ा तिराहे पर अधिक जलभराव की समस्या हो जाती है। घुटनों तक पानी भर जाता है। इसकी वजह पानी का ठीक ढंग से निकास नहीं होना है। इसको देखते हुए पिछले साल प्राधिकरण के तत्कालीन सीईओ डॉ लोकेश एम ने यहां जरुरी उपाय करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए प्राधिकरण ने आईआईटी दिल्ली से इसका सर्वे कराया। सर्वे में अभी बने नाले की चौड़ाई बढ़ाने का सुझाव दिया गया। बताया गया कि जो अभी नाला बना है उसकी चौड़ाई कम है।
इसमें कुछ छोटे नाले भी आकर मिलते हैं। ऐसे में यह नाला जल्द भर जाता है और बैक फ्लो मारने से पानी भरता है। इसको देखते हुए नाले की चौड़ाई बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब इस योजना को आगे बढ़ाते हुए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। नाले को चौड़े करने के काम पर करीब 18 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे में उम्मीद है कि जुलाई-अगस्त से नाला बनाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। यह नाला सीधे रोड नंबर-6 मामूरा के पास जाकर मिल जाएगा।




साइन इन