नोएडा के कई गांवों में ऐक्शन, अवैध कब्जा करने वालों पर पुलिस ने दर्ज किए केस
गौतमबुद्ध नगर जिले के कई इलाकों में नोएडा अथॉरिटी की तगड़ी कार्रवाई देखी जा रही है। पुलिस ने नोएडा प्राधिकरण की शिकायत पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में एक बिल्डर कंपनी और 18 लोगों के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज किए हैं।

गौतमबुद्ध नगर जिले के कई इलाकों में नोएडा अथॉरिटी की जोरदार कार्रवाई सामने आई है। नोएडा प्राधिकरण की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के मामले में एक बिल्डर कंपनी और 18 लोगों के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई बसी बाउद्दीननगर, गढ़ी चौखंडी और इलाहाबास गांवों में अवैध निर्माण को लेकर की गई है। प्राधिकरण के इंजीनियरों ने अलग-अलग थानों में शिकायत दी कि इन लोगों ने प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जा किया है।
18 लोगों के खिलाफ छह मुकदमे
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गौतम ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में नोएडा प्राधिकरण की शिकायत पर पुलिस ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बसी बाउद्दीननगर, गढ़ी चौखंडी और इलाहाबास गांवों में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में एक बिल्डर कंपनी और 18 लोगों के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज किए हैं। नोएडा प्राधिकरण के इंजीनियर मोहित भाटी ने फेस-3 थाने में रिपोर्ट लिखवाई है।
बसी बाउद्दीननगर में इन पर आरोप
उन्होंने आरोप लगाया है कि बसी बाउद्दीननगर में सौरभ राणा, नितिन राणा और ब्रिकलैंड डेवलपर्स प्रबंधन ने प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण किया है। इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक पारसनाथ सोनकर की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें बसई गांव में अशोक कुमार, ओमवीर यादव, विजय नागर और भूपेंद्र गुप्ता पर नोएडा अथॉरिटी की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
गढ़ी चौखंडी गांव में अवैध कब्जे का आरोप
वहीं एक अन्य मामले मे अवर अभियंता मुकेश कुमार ने गढ़ी चौखंडी गांव में प्रदीप कुमार, रामराज, अजय तिवारी, अवध सिंह, नवीन, विशाल मिश्रा, उदयवीर चौहान, राकेश यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इन आरोपियों पर गढ़ी चौखंडी गांव में प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप लगाया गया है।
इलाहबास गांव और निम्मी विहार में भी शिकायतें
वहीं दो प्राथमिकियां अवर अभियंता विजेंद्र सिंह की ओर से फेस-2 थाने में दर्ज कराई गई है। इनमें इलाहबास गांव और निम्मी विहार में प्राधिकरण की जमीन पर राम अवतार सिंह और दानिश अली पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि अब इन शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन