पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने उपराज्यपाल पद की शपथ ली, कहा- दिल्ली का विकास मिलकर करेंगे
पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के 23वें उप राज्यपाल के रूप में शपथ ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास सभी का कर्तव्य है। समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। संधू ने भारत और दिल्ली के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करने का आह्वान किया।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली के उप राज्यपाल पद की शपथ ली। लोक निवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास हम सबका कर्तव्य है। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। संधू दिल्ली के 23वें उप राज्यपाल हैं और उन्होंने दिल्ली के पूर्व उप राज्यपाल वीके सक्सेना की जगह ली है। दिल्ली के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेन्द्र कुमार उपाध्याय ने तरनजीत सिंह संधू को उप राज्यपाल के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में संधू ने कहा कि दिल्ली उनकी कर्मभूमि रही है।
यहां पर उन्होंने पढ़ाई और काम किया है। दिल्ली में कई अलग-अलग संस्थाएं हैं। दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करना हम सभी का कर्तव्य है। समस्याओं का समाधान करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार, दिल्ली सरकार, पड़ोसी राज्यों की सरकारों और दिल्ली की जनता के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के विकसित दिल्ली और विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए वे काम करेंगे।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उप राज्यपाल का स्वागत किया। बाद में उप राज्यपाल ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और रकाबगंज गुरुद्वारा में प्रार्थना भी की। उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और लोकसेवा और शासन से संबंधित मामलों पर चर्चा की। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने उप राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भी पत्र लिखकर नए उप राज्यपाल को बधाई देने के साथ राजधानी की गंभीर समस्याओं पर ध्यान देने की भी मांग की।संधू के पास लंबा राजनयिक अनुभवःदिल्ली के नए उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के पास लंबा राजनयिक अनुभव है। 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी संधू अमेरिका के मामलों में सबसे अनुभवी भारतीय राजनयिकों में से एक रहे हैं। उन्होंने वाशिंगटन डीसी में भारतीय मिशन में कई बार सेवा की और फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका में भारत के राजदूत रहे। 63 वर्षीय पूर्व राजनयिक जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी रहे थे। उन्होंने वर्ष 2024 में अमृतसर से भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, उन्हें इस चुनाव में सफलता नहीं मिली।केन्द्रीय मंत्रियों के साथ विदेशी राजनयिक भी मौजूदउप राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय मंत्रियों के साथ-साथ विदेशी राजनयिक भी मौजूद रहे। केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीता रमण, एस जयशंकर, हर्ष मल्होत्रा के अलावा दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों के विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद, विधायक और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। जबकि, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन, बांग्लादेश के उच्चायुक्त एम रियाज हामिदुल्लाह आदि भी समारोह में शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन