Rahul Gandhi Criticizes Government Are People Getting Their Fair Share in the Economy वास्तविक विकास वह है जहां सबकी उन्नति हो : राहुल गांधी, Delhi Hindi News - Hindustan
More

वास्तविक विकास वह है जहां सबकी उन्नति हो : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में श्रमिकों की वास्तविक आमदनी स्थिर या कम हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और मध्यम वर्ग पर हानिकारक जीएसटी और आयकर का बोझ...

Tue, 21 Jan 2025 05:37 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
वास्तविक विकास वह है जहां सबकी उन्नति हो : राहुल गांधी

या, क्या अर्थव्यवस्था में लोगों को उनकी उचित हिस्सेदारी मिल रही है : राहुल

आलोचना

- कांग्रेस नेता ने अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

- दावा, बीते पांच वर्षों में श्रमिकों की वास्तविक आमदनी या तो स्थिर है या कम हुई

नई दिल्ली, एजेंसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था के विभिन्न सूचकांकों का हवाला देते हुए मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब सबकी मेहनत से अर्थव्यवस्था का पहिया घूम रहा है तो क्या उसमें आम लोगों को उनकी उचित हिस्सेदारी मिल पा रही है? उन्होंने कहा, वास्तविक विकास वह है जहां सबकी उन्नति हो।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि हानिकारक जीएसटी और आयकर की मार ने गरीब और मध्यम वर्ग का जीना मुश्किल कर रखा है। वहीं, कॉरपोरेट घरानों का कर्ज माफ किया जा रहा है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की सच्चाई : मेहनत आपकी, मुनाफा किसका? आप सभी के खून पसीने से देश की अर्थव्यवस्था का पहिया घूम रहा है, लेकिन क्या आपको इसमें उचित हिस्सा मिल रहा है? जरा सोचिए। उन्होंने दावा किया कि विनिर्माण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी 60 साल के सबसे निचले स्तर तक चली गई है। इस वजह से लोगों को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, कृषि क्षेत्र में गलत नीतियों ने किसान और खेत मजदूर की स्थिति बदहाल कर दी है। वे मुश्किल से अपना गुजारा कर पा रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में श्रमिकों की वास्तविक आमदनी या तो स्थिर है या कम हुई है। राहुल गांधी के अनुसार, हानिकारक जीएसटी और आयकर की मार ने गरीब और मध्य वर्ग का जीना हराम कर रखा है, जबकि कॉरपोरेट का कर्ज माफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आसमान छूती महंगाई के कारण अब न सिर्फ गरीब बल्कि वेतनभोगी वर्ग भी अपनी जरूरतों के लिए कर्ज लेने को मजबूर है। उन्होंने कहा, वास्तविक विकास वह है जहां सबकी उन्नति हो। व्यवसाय के लिए निष्पक्ष माहौल मिले, उचित कर व्यवस्था हो और श्रमिकों की आमदनी बढ़े। इससे ही देश समृद्ध और मजबूत बनेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।