Imran Khan s Eye Health Check in Jail Sparks Controversy in Pakistan पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जांच करने जेल पहुंची डॉक्टरों की टीम, Delhi Hindi News - Hindustan
More

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जांच करने जेल पहुंची डॉक्टरों की टीम

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में आंखों की जांच को लेकर विवाद बढ़ गया है। डॉक्टरों ने खान की जांच की, लेकिन उनकी पार्टी और परिवार ने इसे खारिज कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने 16 फरवरी से पहले विस्तृत स्वास्थ्य जांच का आदेश दिया था। खान ने आंखों की रोशनी कम होने की शिकायत की है।

Sun, 15 Feb 2026 09:55 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जांच करने जेल पहुंची डॉक्टरों की टीम

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रविवार को डॉक्टरों की एक टीम ने जेल में ही जांच की। इमरान ने कुछ दिन पहले आंखों की रोशनी कम होने की बात कही थी। उधर, उनकी पार्टी और परिजनों ने इस जांच को खारिज किया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की ओर से दर्ज याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को 16 फरवरी से पहले इमरान खान की विस्तृत स्वास्थ्य जांच कराने का आदेश दिया था। आदेश के बाद गुरुवार को खान ने अपने वकील से दायीं आंख की रोशनी 80 प्रतिशत से अधिक खोने की शिकायत की थी।

इससे पहले पिछले माह पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में खान की आंख का ऑपरेशन किया गया था। इसके बाद पार्टी समर्थक और परिजनों ने खान का इलाज निजी अस्पताल में कराने की मांग की थी। शनिवार को सरकार की ओर से जारी एक सूचना से पता चला था कि खान को जेल से बाहर किसी अस्पताल ले जाया जा सकता है। लेकिन रविवार को डॉक्टरों की एक टीम जेल में भेज दी गई। इसे लेकर पीटीआई कार्यकर्ता और भड़क गए हैं। पार्टी ने एक्स पर लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री की आंख की जांच के संबंध में सरकार और जेल प्रशासन के बर्ताव को पार्टी खारिज करती है। सरकार का यह दावा कि जांच के समय पार्टी नेतृत्व को जेल पहुंचने का संदेश दिया था, मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने की घटिया कोशिश है।’ पार्टी ने कहा कि जब तक खान के निजी डॉक्टर जांच में शामिल नहीं होते हैं, परिवार फैसला नहीं ले सकता। बता दें कि इमरान खान 5 अगस्त, 2023 से जेल में हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।