दिल्ली में फ्लाईओवर-अंडरपास के पास तीन सौ पुलिस बूथ बनेंगे
दिल्ली में फ्लाईओवर, अंडरपास और एफओबी के समीप सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग 300 पुलिस बूथ बनाएगा। यह कदम रात के समय सुरक्षा की चिंता को कम करेगा, खासकर महिलाओं के लिए। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बताया कि यह पहल पुलिस को बेहतर तैनाती और मदद के लिए स्थान प्रदान करेगी।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में फ्लाईओवर, अंडरपास और एफओबी के समीप सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग पुलिस के साथ मिलकर 300 बूथ बनाने जा रहा है। पीडब्ल्यूडी अपने खर्च पर इन्हें तैयार करेगी और वहां पुलिसकर्मी की तैनाती वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे। इस कदम से लोग अंडरपास और एफओबी का इस्तेमाल बिना किसी डर के रात के समय भी कर सकेंगे। कई बार लोग रात के समय सुरक्षा का अभाव होने के चलते इनका इस्तेमाल करने से कतराते हैं। बता दें कि दिल्ली में 100 से ज्यादा फ्लाईओवर हैं, जिनके नीचे खाली जगह है। इसी तरह पीडब्ल्यूडी के अंडरपास और एफओबी के समीप भी जगह खाली है।
इनमें से कुछ स्थानों पर सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद लोग इनका इस्तेमाल करने से बचते हैं। खासतौर पर इन स्थानों में महिला सुरक्षा एक चिंता का विषय रहती है। लेकिन पीडब्ल्यूडी और दिल्ली पुलिस मिलकर इन स्थानों को लोगों के लिए सुरक्षित बनाने जा रहे हैं।पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से इस विषय को लेकर बात की है। उन्होंने कहा है कि पीडब्ल्यूडी ऐसे 300 स्थानों पर पुलिस बूथ बनाकर देगी जिसमें पुलिसकर्मी बैठ सकें। ऐसे बूथ न केवल फ्लाईओवर के नीचे बल्कि अंडरपास में और एफओबी के समीप मौजूद जगह पर बनाकर दिए जाएंगे। इसमें आने वाली लागत का पूरा खर्च पीडब्ल्यूडी उठाएगा। वहीं उस जगह पर पुलिसकर्मी की तैनाती करने एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी। इन बूथों के बनने से पुलिस को बैठने का स्थान मिलेगा और वहां अपराध में भी कमी आएगी। इसके अलावा किसी को मदद की आवश्यकता होगी तो तुरंत उसके पास पुलिस पहुंच जाएगी।दुकानें खोलने पर भी चल रहा विचारप्रवेश वर्मा ने बताया कि अंडरपास के बेहतर इस्तेमाल के लिए उसमें छोटी-छोटी दुकानें खोलने पर भी विचार चल रहा है। इससे एक तरफ जहां अंडरपास में चहल पहल बनी रहेगी तो वहीं दूसरी तरफ लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होगा। इसके साथ ही लोगों की मौजूदगी बढ़ने से वहां अपराध की आशंका भी कम हो जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन