मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से रात में साफ होंगी राजधानी दिल्ली की सड़कें
दिल्ली में सड़कों पर धूल की समस्या को हल करने के लिए नगर निगम ने नई योजना बनाई है। इसमें 250 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों को खरीदने और रात में सफाई करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है और सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कई उपाय किए जाएंगे।

राहुल मानव नई दिल्ली। दिल्ली में सड़कों पर धूल उड़ने से लोगों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए अब दिल्ली नगर निगम ने नई योजना तैयार की है। इसके तहत मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों को खरीदने की तैयारी चल रही है। साथ ही अब रात में सड़कों की सफाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अभी निगम के पास 70 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें हैं। इसे 250 करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक का बजट तय किया गया है। महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि दिल्ली की हवा को साफ रखने के लिए निगम मिशन मोड में काम कर रहा है।
इसके लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से अब रात के समय भी साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अलग से बजट भी आवंटित किया जाएगा। सड़कों पर कूड़ा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नई मशीनों से सफाई व्यवस्था बढ़ेगी निगम आयुक्त अश्वनी कुमार ने बताया कि सफाई व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार से निगम को मिली निधि के जरिए 14 मशीनें खरीदी जा रही हैं। इसी महीने ये मशीनें निगम के बेड़े में आ जाएंगी। इसके साथ ही, दिल्ली सरकार ने भी अतिरिक्त मशीनें निगम के अधीनस्थ सड़कों की सफाई के लिए प्रदान करने की स्वीकृति दी है। इससे सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। ये कार्ययोजना बनाई गई - दिल्ली के सभी व्यस्त सड़कों की रात के समय सफाई होगी - मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों में कैमरे लगाए जाएंगे। इससे अधिकारी साफ-सफाई के कार्य पर नजर रखेंगे - मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों की साफ-सफाई को लेकर कर्मचारियों को निगम ऐप में रिपोर्ट दर्ज करनी होगी - निगम के अधीन आने वाले क्षेत्रों की प्रत्येक सड़कों की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की रिपोर्ट तैयार होगी - निगम की सौ से अधिक टीमें तैनात की जाएगी। इसमें निगम के अधिकारी और कर्मचारी सड़कों की सफाई व्यवस्था के कार्य की निगरानी करेंगे
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन