जनकपुरी हादसे के बाद मंत्री ने तीन अफसरों को निलंबित किया, जांच के लिए कमेटी बनाई
जनकपुरी हादसे में एक युवक की मौत के बाद जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने सुरक्षा चूक के लिए तीन अधिकारियों को निलंबित किया। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया। मंत्री ने बताया कि सीवर कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। जनकपुरी हादसे में हुई युवक की मौत को जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने दुखद बताया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह जनकपुरी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और सुरक्षा चूक पर तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इसमें एक कार्यकारी अभियंता, एक सहायक अभियंता और एक कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं। मंत्री ने मौके पर ही पूरी घटना की उच्चस्तरीय जांच के लिए तुरंत कमेटी गठित करने के निर्देश भी दिए। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि घटना वाले स्थान पर पिछले कई महीनों से सीवर लाइन से जुड़ा कार्य चल रहा था। प्रारंभिक निरीक्षण में सामने आया कि चल रहे सीवर प्रोजेक्ट के तहत लगभग 6 मीटर लंबा, 4 मीटर चौड़ा और करीब 4.25 मीटर गहरा गड्ढा खोदा गया था।
यहां सड़क के कुछ हिस्सों पर बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन प्रारंभिक तौर पर यह पाया गया कि खुदाई स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थीं। इसके चलते वहां दोपहिया वाहनों की आवाजाही जारी थी, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि नोएडा में हुई एक घटना के बाद 24 जनवरी को दिल्ली जल बोर्ड ने सभी अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सुरक्षा मानकों के सख्त पालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। पीडब्ल्यूडी तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा भी सुरक्षा संबंधी निर्देश प्रसारित किए गए थे। वर्तमान घटना से इन निर्देशों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन एवं निगरानी में कमी उजागर हुई है। सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही यहां कार्य कर रही एजेंसी के विरुद्ध जांच प्रारंभ कर दी गई है। इसके अलावा दिल्ली जल बोर्ड द्वारा एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई है, जो जिम्मेदारी तय करने, प्रक्रियागत खामियों की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुधारात्मक उपाय सुझाएगी। यह हादसा बेहद दुखद है। प्रभावित परिवार के साथ सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरी दिल्ली में चल रहे सभी सीवर, सड़क एवं बाढ़ नियंत्रण कार्यों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। - प्रवेश वर्मा, जल मंत्री, दिल्ली सरकार
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन