नियम टूटे तो निजी स्कूलों को टेकओवर करेगी दिल्ली सरकार
दिल्ली में निजी स्कूलों पर नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की जा रही है। सरकार ने कहा है कि यदि स्कूल अनियमितताएं पाए जाते हैं, तो उन्हें टेकओवर किया जा सकता है। हाल में वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल में गंभीर प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी खामियां मिली हैं। सभी प्राइवेट स्कूलों की जांच जारी है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में नियम तोड़ने वाले निजी स्कूलों पर लगाम लगाने की तैयारी है। सरकार ने कहा है कि निजी स्कूल नियमों का उल्लंघन करते मिले तो दिल्ली सरकार उन्हें टेकओवर कर सकती है। दिल्ली सरकार का राजस्व और शिक्षा विभाग कई निजी स्कूलों की जांच कर रहा है। इनमें कई स्कूलों में अनियमितताएं मिली हैं। संयुक्त टीम द्वारा बीते दो दिनों में रोहिणी सेक्टर-13 स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल में किए गए औचक निरीक्षण में गंभीर प्रशासनिक, वित्तीय और सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं सामने आई हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से इस स्कूल के खिलाफ अभिभावकों को प्रताड़ित करने और दाखिले के नाम पर अवैध डोनेशन वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
इसे ध्यान में रखते हुए दो दिन तक संयुक्त निरीक्षण किया गया। इसमें पाया गया कि स्कूल बिना वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के संचालित हो रहा था। स्कूल में स्विमिंग पूल भी बिना लाइसेंस के चल रहा था और उसमें बुनियादी सुरक्षा प्रावधानों का अभाव पाया गया। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।निरीक्षण टीम ने पाया कि स्कूल के बेसमेंट में लगभग 18 कमरों में स्टेम लैब (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और गणित), रोबोटिक्स, वेस्टर्न म्यूजिक और डांस कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जो एमसीडी भवन मानकों, सीबीएसई और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। छात्रों की गतिविधियों के लिए बेसमेंट का उपयोग प्रतिबंधित है। छात्रों ने पीने के पानी की खराब गुणवत्ता और भुगतान आधारित भोजन व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराईं। यह भोजन स्कूल की छत पर बने अस्थायी ढांचे में तैयार किया जा रहा था, जो पास में लगे सोलर पैनलों के कारण गंभीर सुरक्षा जोखिम उत्पन्न कर रहा था।डीडीए की जमीन पर बना है स्कूलसरकार के अनुसार इस स्कूल को डीडीए द्वारा लीज पर भूमि प्रदान की गई थी। प्राथमिक जांच में यह संस्था लाभ कमाने का माध्यम बनती दिखाई दी है। दिल्ली सरकार ने मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि गंभीर अनियमितताओं के मद्देनजर डीडीए द्वारा लीज रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, स्कूल का सरकारी टेकओवर किया जा सकता है। वित्तीय लेनदेन का विशेष ऑडिट कर मनी लॉन्ड्रिंग जैसे आरोपों की भी जांच हो सकती है।सभी प्राइवेट स्कूलों की चल रही जांचसरकार का कहना है कि वह दिल्ली में सभी प्राइवेट स्कूलों की जांच कर रहे हैं। जिस स्कूल में गंभीर अनियमितताएं या प्रशासनिक गड़बड़ियां मिलेंगी, सरकार उन्हें टेकओवर कर लेगी। सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, फीस संरचना को पारदर्शी रखें और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को नियमानुसार प्रवेश व सुविधाएं सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई तय है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन