दिल्ली की प्यास बुझाने के लिए हरियाणा से पानी खरीदेगी दिल्ली सरकार
दिल्ली में गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है। दिल्ली सरकार हरियाणा से 30 एमजीडी अतिरिक्त पानी खरीदने की योजना बना रही है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि पाइपलाइन के टूटने से पानी की बर्बादी हो रही है, जिसे रोकने के लिए मरम्मत का काम चल रहा है।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता गर्मी का मौसम शुरु होते ही राजधानी में पानी की मांग प्रत्येक वर्ष बढ़ने लगती है। खासतौर से मई-जून माह में पानी की मांग बहुत ज्यादा रहती है। ऐसे में दिल्ली सरकार लगातार पानी की उपलब्धता बढ़ाने में जुटी हुई है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार से बातचीत कर रही है। इसके साथ ही गर्मी के दौरान हरियाणा से लगभग 30 एमजीडी पानी खरीदने की योजना है ताकि दिल्लीवासियों को पानी की कमी न हो। जानकारी के अनुसार दिल्ली में अभी के समय 900 से 1000 एमजीडी पानी का उत्पादन रोजाना होता है।
वहीं दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ प्रतिदिन पानी की मांग लगभग 1200 एमजीडी से ज्यादा पहुंच जाती है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस कमी को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार ने कई मोर्चों पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से मुनक नहर के रास्ते आने वाला पानी का लगभग 25 फीसदी रास्ते में ही खत्म हो जाता है। कुछ जगहों पर रास्ते में पानी चोरी होता है जबकि चैनल टूटने के चलते कुछ पानी मिट्टी में चला जाता है। यहां पानी बचाने के लिए हरियाणा सरकार से चैनल की मरम्मत करने का अनुरोध किया गया है। इससे मिट्टी में जाने वाला पानी बच सकेगा और वह दिल्ली को मिलेगा।प्रवेश वर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार हरियाणा की सरकार से बातचीत कर प्रयास कर रही है कि उन्हें दिल्ली की शुरुआत में पूरा पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही उनसे अतिरिक्त पानी की मांग भी की जा रही है जिसमें केन्द्र सरकार का भी सहयोग लिया जा रहा है। इस बातचीत का परिणाम आने तक इस वर्ष दिल्ली सरकार हरियाणा से 30 एमजीडी अतिरिक्त पानी खरीदने की तैयारी कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गर्मी के दौरान प्रत्येक दिल्लीवासी को स्वच्छ पानी उपलब्ध हो और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।पानी की पाइपलाइन भी बदल रही सरकारप्रवेश वर्मा ने बताया कि राजधानी में पाइपलाइन के टूटने की वजह से भी काफी पानी लीक होता है। इसे रोकने के लिए दिल्ली सरकार फिलहाल मरम्मत का काम कर रही है। लेकिन जल्द ही दिल्ली की पुरानी पाइप लाइनों को बदला जाएगा ताकि पानी की बर्बादी को रोका जा सके। इसके साथ ही दिल्ली सरकार लोगों से भी अनुरोध करेगी कि वह पानी बचाने में सहयोग करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन