डीटीसी की बसों में फ्री यात्रा के लिए ईटीएम पर टैप करना होगा पिंक सहेली कार्ड
दिल्ली सरकार 19 फरवरी को डीटीसी बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के लिए मुफ्त यात्रा हेतु पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड लॉन्च करेगी। यह कार्ड ईटीएम पर टैप करके इस्तेमाल होगा, जिससे यात्रियों को पिंक टिकट की झंझट से राहत मिलेगी। कार्ड शून्य और फुल केवाईसी के आधार पर जारी किए जाएंगे।

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। डीटीसी बसों में दिल्ली की महिलाओं और ट्रांसजेंडर को मुफ्त यात्रा के लिए जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मिलने शुरू हो जाएंगे। दिल्ली सरकार 19 फरवरी को इस योजना को लांच करने की तैयारी कर रही है। आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के बाद मिलने वाले पिंक कार्ड का इस्तेमाल डीटीसी की बसों में कंडक्टरों के पास मौजूद ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन) पर टैप करके किया जा सकेगा। दिल्ली की बसों में फिलहाल महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को मुफ्त सफर करने के लिए कंडक्टर से पिंक टिकट लेना पड़ता है। हर बार यात्रा के लिए अलग टिकट लेना होता है।
अब इस झंझट से निजात मिल जाएगी। डीटीसी के मुताबिक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की योजना लांच होने के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दिल्ली की रहने वाली महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर इस स्मार्ट कार्ड को हासिल कर सकेंगी। इसके बाद मेट्रो की तरह हर बार इस कार्ड को ईटीएम पर टैप कर महिलाओं को मुफ्त सफर की अनुमति मिल जाएगी। उनकी यात्रा का ब्यौरा कंडक्टर के पास मशीन में दर्ज हो जाएगा। जिन महिलाओं के पास पिंक कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त सफर की अनुमति नहीं होगी। दो तरह से जारी होंगे कार्ड डीटीसी के अधिकारी ने बताया कि पिंक सहेली कार्ड को दो तरह से जारी किया जाएगा। इसमें एक कार्ड शून्य केवाईसी पर और दूसरा फुल केवाईसी के माध्यम से जारी किया जाएगा। शून्य केवाईसी कार्ड के लिए आवेदक महिला को डीटीसी या संबंधित बैंकों के बूथ पर आधार कार्ड और मोबाइल नंबर ओटीपी के माध्यम से वेरिफिकेशन करके कार्ड जारी कर दिया जाएगा। फुल केवाईसी कार्ड के लिए महिला आवेदक को डीटीसी के बताए गए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। इसके साथ आधार कार्ड और पते के रूप में वोटर आईडी, राशन कार्ड, बिजली बिल में से कोई एक, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी (वैकल्पिक) का ब्योरा देना होगा। इसके सत्यापन के बाद कार्ड बनाकर दिए गए पते पर डाक के माध्यम से भेजा जाएगा। नीले कार्ड से सामान्य और नारंगी कार्ड से होगी रियायती यात्रा डीटीसी की ओर से सामान्य यात्रियों के लिए नीले रंग के एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) और रियायती यात्रा के लिए नारंगी कार्ड जारी किए जाएंगे। डीटीसी के अधिकारी ने बताया कि ये दोनों कार्ड भी शून्य या फुल केवाईसी के आधार पर जारी किए जाएंगे। शून्य केवाईसी के आधार पर जारी किए जाने वाले कार्ड से केवल डीटीसी बसों में जबकि फुल केवाईसी वाले कार्ड का इस्तेमाल मेट्रो, नमो भारत ट्रेनों के साथ-साथ खरीदारी के लिए डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए कार्ड धारकों को समय-समय पर उनमें रकम टॉप-अप करानी होगी। कार्ड जारी करने के लिए केंद्र बनाए जाएंगे डीटीसी के अधिकारी ने बताया कि पिंक सहेली यानी गुलाबी कार्ड, नीला कार्ड और नारंगी कार्ड जारी करने के लिए दिल्ली में जगह-जगह बूथ भी बनाए जाएंगे। इनमें कुछ प्रमुख डिपो, पास केंद्र और अधिकृत बैंकों की ओर चयनित स्थानों पर बूथ बनाए जाएंगे। कार्ड की लांचिंग के बाद डीटीसी की ओर से इन स्थानों की जानकारी दी जाएगी। नंबर गेम - 3 अलग-अलग रंग के कार्ड जारी होंगे। - रोजाना करीब 7 लाख महिलाएं बसों में करती हैं मुफ्त सफर। - 12 साल से ज्यादा आयु वाली महिलाओं को जारी किए जाएंगे पिंक सहेली कार्ड - 6000 बसें दिल्ली में हो रहीं संचालित - 4000 से ज्यादा हो चुकी है इलेक्ट्रिक बसों की संख्या।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन